हत्या का मामला:पुलिस ने 12 टीमें गठित की, 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले, नाबालिग समेत दो आरोपी 24 घंटे में ही पकड़े
![]()
शहर में लूट की नीयत से श्रमिक प्रेम गमेती (32) की हत्या करने वाले तीन में से दो लूटेरों को पुलिस 24 घंटे में ही पकड़ लाई।
खास बात यह है कि पुलिस ने सिर्फ 10 घंटे में ही तीनों को नामजद कर लिया था। भास्कर इसका खुलासा सबसे पहले कर रहा है। हिरणमगरी थाना पुलिस ने कल्याणपुर निवासी ईश्वर उर्फ जैरी को गिरफ्तार और एक नाबालिग को डिटेन किया है। वारदात के बाद एसपी योगेश गोयल के निर्देशन में एएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने बदमाशों को पकड़ने के लिए 10-12 टीमें गठित की। हिरणमगरी थानाधिकारी भरत योगी ने टीमों के साथ मिलकर दो दिन में 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इनमें आरोपियों के वारदात करने से लेकर भागने तक के फुटेज सामने आ गए। नाबालिग और जैरी के परसाद बस स्टैंड पर होने की सूचना मिली। पुलिस ने हिम्मतनगर के पास गंभोई थाना पुलिस की मदद से नाकाबंदी कर बस रोकी। फिर दोनों बदमाशों को डिटेन किया। सीआई योगी मय टीम ने पहुंच कर दोनों को उदयपुर ले आई। तीसरा आरोपी विजय सिंह पथिक नगर कच्ची बस्ती निवासी जगदीश उर्फ जग्गू फरार है। पुलिस मौका स्थल की तस्दीक कराने ले गई तो दोनों ने भागने का प्रयास किया। खड्डे में गिरने से दोनों को चोटें आई और एक का पैर टूट गया। अब पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। खड्डे में गिरने से एक की टांग टूटी, मुआवजे के आश्वासन पर माने परिजन गुरुवार को प्रेम गमेती के परिजन और समाजजन एमबी मॉर्चरी के बाहर धरने पर बैठे थे। उन्होंने मुआवजा, संविदा पर नौकरी, लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई और आरोपियों को पकड़ने की मांग थी। यह प्रदर्शन दूसरे दिन शुक्रवार को भी चलता रहा। शाम को प्रशासन की ओर से पीड़ित प्रतिकर आयोग व मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता दिलाने, संविदा पर नौकरी देने और चिकित्सकीय लापरवाही पर जांच के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। फिर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। वारदात कर तीनों घर पहुंचे, फिर जैकी व नाबालिग गुजरात के लिए निकले, जगदीश अलग हुआ, वह अब भी फरार : आरोपी जग्गु, जैरी व नाबालिग साथी गुरुवार सुबह 4:16 बजे जड़ाव नर्सरी रोड पर रॉन्ग साइड पर बाइक लेकर घूम रहे थे। तभी सामने से प्रेम गमेती आते हुए दिखे। तीनों ने दौड़कर उनका पीछा किया। करीब 150 मीटर पीछा किया, लेकिन वह उन्हें पकड़ नहीं पाए। ऐसे में बदमाशों ने पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर मचाने पर तीनों भाग गए। फिर तीनों विजय सिंह पथिक नगर के पास कच्ची बस्ती में अपने मकान में पहुंचे। फिर तीनों यहां से निकले। जगदीश उर्फ जग्गू दोनों साथियों से अलग हो गया। जैरी और नाबालिग परसाद बस स्टैंड पहुंचे। यहां से गुजरात जाने के लिए बस में बैठ गए। प्रेम गमेती को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया था।
Source link




























