चोरी का मामला:चोरों को छोड़ा, सीसीटीवी कैमरे की डिस्क से फुटेज हटाए, परिवादी ने विरोध किया तो उसे भी हवालात में बंद किया
[ad_1]
![]()
जिले में आसींद पुलिस की गश्त टीम ने पड़ासोली के पास सुपर मार्केट में चोरी करते चार चोरों को पकड़ा। लेकिन क्षेत्राधिकार बदनौर का होने से आरोपियों को उन्हें सौंप दिया गया। बदनौर पुलिस ने चोरों को शांतिभंग की धारा में पाबंद कर छोड़ दिया। दुकान से जब्त की गई सीसीटीवी कैमरे की डिस्क को खाली कर दिया। दुकानदार ने इसका विरोध किया तो उसे भी हवालात में बंद कर दिया। भास्कर ने इस मामले में सीसीटीवी खंगाले, जिसमें साफ तौर पर चोर दिख रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा ही दर्ज नहीं किया। मामला 27 जनवरी का है। रात तीन बजे चोर मार्केट के शटर तोड़ रहे थे और आसींद पुलिस पहुंच गई। दुकानदार सुरेश साहू को थाने में बुला लिया। 28 जनवरी को सुबह इन चारों आरोपियों को बदनौर पुलिस के हवाले कर दिया। बदनौर एसएचओ महादेव प्रसाद ने दुकानदार साहू से रिपोर्ट लेकर घटनास्थल का मौका देखा और वहां से शटर तोड़ने वाले उपकरण बरामद कर लिए थे। इस मामले में ब्यावर एसपी ने बदनौर के एसएचओ महादेव प्रसाद को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह शंभूदयाल मीणा को बदनौर थाना प्रभारी लगाया है। परिवादी बोला— शांतिभंग में छोड़ने का विरोध किया तो मुझे ही हवालात में बंद कर दिया
पड़ासोली निवासी सुरेश साहू ने बताया कि आसींद एसएचओ ने 27 जनवरी को सुबह चार बजे ही बुला लिया। जब रिपोर्ट दी तो बताया कि एरिया ब्यावर जिले के बदनौर का आ रहा है। जब वे 28 जनवरी को बदनौर थाने में रिपोर्ट देने गए तो पहले तो तर्क दिया कि चोरी करने आए थे, इसलिए शटर तो तोड़ा लेकिन चोरी नहीं की। ऐसे में उनको छोड़ दिया। विरोध किया तो मुझे ही हवालात में बंद कर दिया। 28 जनवरी को सीसीटीवी फुटेज के साथ रिपोर्ट दी, लेकिन एसएचओ ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद 31 जनवरी को इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। परिवादी सुरेश साहू ने पुलिस के आने से पहले ही चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज ले लिए और यही सबूत बन गया। चोरी की रिपोर्ट पर 151 में पाबंद कर क्यों छोड़ा?
बदनौर के तत्कालीन थाना प्रभारी महादेव प्रसाद ने कहा कि इस मामले में नए थानेदार से पूछो, मुझे तो पता नहीं है। मेरा बदनौर से ट्रांसफर हो गया है। बदनौर थाना प्रभारी शंभूदयाल मीणा का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दिख रहे हैं, हम उन्हें पकड़ लेंगे। 151 में पाबंद कर क्यों छोड़ा, यह तो पहले वाले एसएचओ ही बता पाएंगे। ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतनसिंह ने कहा कि यह सही बात है कि आसींद पुलिस ने चार जनों को पड़ासोली चौराहे पर चोरी करते पकड़ा। इसके सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध हैं। मौके से शटर तोड़ने के उपकरण भी बरामद किए हैं। इसमें एसएचओ ने चोरी की घटना की जगह आरोपियों को केवल 151 में पाबंद कर छोड़ दिया। इसमें लापरवाही रही है। एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया गया है। अब इसकी जांच करवा रहे हैं।
[ad_2]
Source link
