DGCA Grounds VSR Planes | Ajit Pawar Flight Accident Audit
नई दिल्ली/पुणे3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बारामती में 28 जनवरी को VSR वेंचर्स का प्लेन क्रैश हुआ था, जिसमें महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार सहित 4 लोगों की मौत हुई थी।
महाराष्ट्र के बारामती प्लेन क्रैश के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पर सख्त कार्रवाई की है। DGCA ने मंगलवार को बताया कि कंपनी के चार लियरजेट 40/45 कैटेगरी के 4 चार्टर्ड प्लेन तत्काल प्रभाव से ग्राउंड कर दिए गए हैं।
इन विमानों में VT-VRA, VT-VRS, VT-VRV और VT-TRI शामिल हैं। DGCA ने बताया कि बारामती हादसे के बाद स्पेशल सेफ्टी ऑडिट में विमानों के एयरवर्थिनेस, एयर सेफ्टी और फ्लाइट ऑपरेशंस से जुड़े कई प्रक्रियाओं में खामियां पाई गईं। रखरखाव में भी गंभीर कमियां सामने आई हैं।
DGCA ने स्पष्ट किया है कि जब तक एयरवर्थिनेस मानकों की बहाली नहीं हो जाती, तब तक ये विमान उड़ान नहीं भर सकेंगे। DGCA ने कंपनी को डिफिशिएंसी रिपोर्टिंग फॉर्म जारी कर विमानों में खामियों पर डिटेल रिपोर्ट देने को कहा है। जवाबों की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
28 जनवरी को VSR वेंचर्स का लियरजेट 45 (VT-SSK) बारामती के पास क्रैश हो गया था। हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार समेत चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद DGCA ने कंपनी का स्पेशल सेफ्टी ऑडिट कराया था।

AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट का इंतजार
इधर एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) 28 फरवरी से पहले हादसे पर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी कर सकता है। हादसे को लेकर साजिश की आशंकाएं भी जताई गई हैं, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।


