विधायक भाटी बोले- गैंगस्टर्स को यूपी-बिहार की तर्ज पर ठोकें:जेल और विदेशों से मिल रही है धमकियां, सरकार लोकल नेटवर्क को ध्वस्त करें
![]()
विधानसभा में मंगलवार को शून्यकाल के दौरान व्यापारियों और आम लोगों को गैंगस्टर्स से मिलने वाली धमकियों के मामले की गूंज रही। निर्दलीय विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने कहा- आज विदेश में बैठे गैंगस्टर्स, जेल में बैठे बदमाश धमका रहे हैं। हमें यूपी-बिहार, मुंबई की तर्ज पर गैंगस्टर्स को ठोंकने की जरूरत है। एक को ठोक देंगे तो बाकी में मैसेज जाएगा। भाटी ने कहा- इंटरनेट कॉलिंग से व्यापारियों, डॉक्टरों सहित प्रतिष्ठित लोगों को वसूली के लिए गैंगस्टर्स की धमकी आम बात हो गई है। जिसे धमकी मिलती है, उसके घर के बाहर 2 पुलिसकर्मी तैनात कर देते हैं। उसके बाद भी गैंगस्टर फोन करके कहते हैं कि ये दो पुलिसवाले क्या आपको बचा लेंगे? यह जानकारी इन गैंगस्टर्स तक कौन पहुंचाता है? कोई स्थानीय नेटवर्क है, जो इनकी मदद करता है। बोले- गैंगस्टर्स को ठोंकने की आवश्यकता है
विधायक ने कहा- संगठित अपराध में मदद करने वाले स्थानीय गैंग की पहचान कर उनकी संपत्ति जब्त कर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। रक्तरंजित राजस्थान होने से बचाना है तो चुन-चुन कर बदमाशों को बाहर निकालकर कार्रवाई करने की आवश्यकता है। नाबालिग बच्चों तक को क्राइम में शामिल किया जा रहा है। हमें यूपी-बिहार, मुंबई की तर्ज पर गैंगस्टर्स को ठोंकने की आवश्यकता है। एक को ठोक देंगे तो बाकी में मैसेज जाएगा। परचून की दुकान भी ढंग से चल रही है तो धमकियां मिल रही हैं
व्यपारियों और आम लोगों को गैंगस्टर्स से मिलने वाली धमकियों पर निर्दलीय विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने कहा- परचून(किराना) की दुकान भी ढंग से चल रही है तो उसको धमकी मिल रही है। धमकियों से व्यापारियों में दहशत है। जिसको धमकी मिलती है, वह अपनी दुकान, अपने शोरूम, अपने प्रतिष्ठान तक नहीं जा पाता। उसके बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। परिवार घरों में कैद होकर रह जाता है। जवाब में गृह राज्य मंत्री बोले- हमनें अंकुश लगाया है
विधानसभा में गैंगस्टर्स के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े मुद्दे पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने जवाब दिया। बेढ़म ने पिछली कांग्रेस सरकार से तुलना करते हुए तंज कसे तो नेता प्रतिपक्ष ने आपत्ति जताई। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा- हमारी सरकार आने के बाद गैंगस्टर के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। मैं यह तो नहीं कह सकता कि 100 फीसदी रोक लगा दी, लेकिन पिछली सरकार के वक्त में जिस तरह का जंगल राज था, हर दूसरे दिन व्यापारियों को धमकाना, अपहरण की घटनाएं, फायरिंग की घटनाएं होती थी, उन पर अंकुश लगाया है। बेढ़म ने कहा- हमारी एजीटीएफ ने रोहित गोदारा गैंग के 50 हजार का इनामी अमरजीत बिश्नोई को इटली से गिरफ्तार करवाया। रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य अमरदीप विश्नोई की पत्नी सुधा कंवर को भी इटली से गिरफ्तार करवाया। आदित्य जैन उर्फ टोनी को दुबई से गिरफ्तार करवाया। अमित शर्मा को सीबीआई और इंटरपोल की मदद से अमेरिकी एजेंसियों को सूचित कर अमेरिका में डिटेन करवाया। हम अपराधियों के खिलाफ ताकत से कार्रवाई करेंगे।
Source link

