CM बोले-हमारी सरकार ना पर्ची की है, ना खर्ची की:विधानसभा में ना गर्मी ना सर्दी, फिर क्यों सिर पर मुंडासा बांध रहे हो
![]()
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। भजनलाल शर्मा ने कहा- अपने बच्चों से कहिए कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें। हमारी सरकार ‘ना पर्ची की है, ना खर्ची की’। युवाओं को पूरा मौका मिलेगा और उन्हें किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। नरेगा का जिक्र करते हुए भजनलाल शर्मा ने आगे कहा- कांग्रेस के लोगों को यह भी नहीं पता कि सिर पर साफी कब बांधी जाती है। किसान सिर पर मुंडासा तब बांधता है, जब वह सिर पर कोई सामान या वजन उठाता है, या फिर गर्मी और सर्दी के मौसम में। विधानसभा में न तो सर्दी होती है और न ही गर्मी, फिर मुंडासा बांधने का क्या मतलब है? सिर्फ सिर पर मुंडासा बांधने से कोई किसान नहीं बनता। किसान खेत में काम करते हुए और खेती का अनुभव प्राप्त करके किसान बनता है। जब इन्हें मुंडासे का ही ज्ञान नहीं है, तो इन्हें क्या पता कि नरेगा में किसान का काम कब चलना चाहिए और कब नहीं? मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ये बातें अलवर में कहीं। अलवर के बहाला में ग्रामोत्थान शिविर में 152 करोड़ रुपए से अधिक की 201 विकास परियोजनाओं की घोषणा की। साथ ही 89 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 52 कार्यों का शिलान्यास किया गया। वहीं, एक साथ लगभग 63 करोड़ रुपए की राशि से 149 विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ है।
अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामोत्थान शिविर में स्वयं को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि वे किसान भाइयों, बहनों और युवाओं को सौगात देने आए हैं। इन शिविरों का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े उस व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिसे इनकी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाएगी, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। किसान और मजदूर से कोई वास्तविक नाता नहीं रहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे महिला बहनों के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया, लेकिन उनका किसान और मजदूर से कोई वास्तविक नाता नहीं रहा। पिछली सरकार में हुए पेपर लीक का जिक्र करते हुए उन्होंने युवाओं से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया और कहा कि उनकी सरकार बिना किसी ‘पर्ची’ या ‘खर्ची’ के काम करेगी, जिससे युवाओं को पूरा मौका मिलेगा और उन्हें चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं होगी। रामगढ़ में कांग्रेस का सूपड़ा साफ केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि रामगढ़ की जनता ने उपचुनाव में सुखवंत सिंह को भारी बहुमत से विजय दिलाई। उन्होंने रामगढ़ के हर व्यक्ति को प्रभावित करने वाले तीन कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में व्यक्ति देखकर पंचायतें बनाई जाती थीं, लेकिन इस बार पंचायत परिसीमन बिना किसी भेदभाव के किया गया है, जिसके तहत 25 नई पंचायत समितियाँ बनाई गई हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस प्रकार रामगढ़ उपचुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ, उसी प्रकार आने वाले पंचायत चुनावों में पूरे अलवर और रामगढ़ से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने वाला है।
Source link

