मलबे में दबे कर्मचारी ने फोन करके मदद मांगी:रेस्टोरेंट बिल्डिंग दिन में हिली, रात में ढही; मां के साथ आए स्टूडेंट की मौत




कोटा में रेस्टोरेंट की बिल्डिंग ढहने से एक स्टूडेंट सहित 2 की मौत हो गई। जिला प्रशासन के अनुसार पास की एक और रेस्टोरेंट बिल्डिंग में अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसी कंस्ट्रक्शन के कारण दिल्ली रेस्टोरेंट की बिल्डिंग दिन में हिल रही थी। शनिवार दोपहर यहां खाना खाने आए कुछ स्टूडेंट्स ने रेस्टोरेंट मालिक को बिल्डिंग की हालत को लेकर चेताया भी था। इसके करीब 6 घंटे बाद तलवंडी इलाके में मौजूद यह बिल्डिंग ढह गई। हादसे में रेस्टोरेंट में खाना खा रहे एक स्टूडेंट और बाहर बैठे एक नाबालिग की जान चली गई। वहीं, रेस्टोरेंट मालिक का पैर कट गया। दैनिक भास्कर डिजिटल ने हादसे के चश्मदीदों से बात की। पढ़िए- पूरी रिपोर्ट… मशीन धीरे चलाने के लिए कहा था: इंदिरा विहार निवासी निखिल पाल सिंह ने बताया कि मैं मुरादाबादी बिरयानी का रेगुलर कस्टमर हूं। शनिवार दोपहर साढ़े 3 बजे करीब रेस्टोरेंट पर बिरयानी लेने गया था, उस समय रेस्टोरेंट के पास वाली दुकान पर कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। ड्रिल मशीन की आवाज सुनकर मेरा भी ध्यान गया, एक बच्ची (छात्रा) ने कहा था कि ड्रिल मशीन धीरे चलाओ नहीं तो बिल्डिंग टूट जाएगी। भगदड़ में फंसने से घायल स्टूडेंट: स्टूडेंट शालीन ने बताया कि मैं रेस्टोरेंट के बाहर बैठा हुआ था, अचानक अंदर भगदड़ मची, लोग बाहर भागने लगे, इतने में एकदम से बिल्डिंग नीचे गिर गई। मैं भी उठकर तुरंत भगाने लगा, मेरे भी पैरों में चोट आई है। कुछ देर बाद मौके पर प्रशासन रेस्क्यू करने के लिए पहुंच गया था। 3 घंटे तक मलबे में दबे रहे रेस्टोरेंट कर्मचारी: दिल्ली रेस्टोरेंट कर्मचारी बंटी ने बताया कि पास में मुरादाबादी रेस्टोरेंट है, वहां पर बिल्डिंग में काम चल रहा था, कई दिनों से उसे बिल्डिंग को हेमर से छोटे-छोटे हिस्सों में तोड़ने का काम कर रहे थे। जिस वजह से वाइब्रेशन बहुत ज्यादा हो रहा था। हादसे के दौरान रेस्टोरेंट में 10 से 12 स्टाफ और कुछ कस्टमर बैठे हुए थे। अंदर रोल बनाने वाले कर्मचारी 3 घंटे तक मलबे में दबे रहे, देर रात उन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया। मलबे के नीचे से फोन कर मांगी मदद: हादसे में घायल हुए रेस्टोरेंट कर्मचारी मोहम्मद साबिर (38) ने बताया कि रेस्टोरेंट के अंदर से सभी लोग बाहर भाग रहे थे। मैं भी भागने लगा, इतने में एक छत का हिस्सा टूटकर मेरे ऊपर गिर गया और मैं वहीं पर दब गया। ढाई से 3 घंटे तक अंदर बिल्डिंग के मलबे में दबा रहा। मैने अंदर से फोन कर बाहर सूचना दी कि मुझे बचाओ में अंदर दबा हुआ हूं। मां के साथ खाना खाने आया था अनारन्य कोटा के तलबंडी इलाके की इंदिरा विहार कॉलोनी में हुए इस हादसे में 20 साल के कोचिंग स्टूडेंट अनारन्य कर्माकर की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल का रहने वाला अनारन्य अपनी मां के साथ दिल्ली रेस्टोरेंट में बिरयानी खाने आया था। मलबे में दबने के कारण वो गंभीर घायल हो गया था। हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। वहीं, अनारन्य की मां गंभीर घायल हैं। बैलून बेचने वाली नाबालिग की भी मौत हादसे में 15 साल के एक नाबालिग की भी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नाबालिग बैलून बेचता था। वो हादसे के दौरान दिल्ली रेस्टोरेंट के बाहर कोने पर बैठा था। कुछ सेकेंड्स में गिरी बिल्डिंग की चपेट में वो भी आ गया। वो काफी देर तक मलबे के नीचे दबा रहा। गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज हादसे में घायल 5 लोगों को देर रात हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल मोहम्मद साबिर (38), मोहम्मद जहांगीर (30) और सुदीता (30) का प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। शालीन सुवास्य (25) और पूरब मीणा (24) कोटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया कि रेस्टोरेंट के कर्मचारी भूपेंद्र की शिकायत पर पड़ोसी रेस्टोरेंट संचालक और बिल्डिंग मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (IPC की धारा-304) का मामला दर्ज किया गया है। फरार हुआ आरोपी रेस्टोरेंट मालिक और स्टाफ हादसे के बाद मुरादाबादी रेस्टोरेंट का मालिक और पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेस्टोरेंट के आसपास अवैध अतिक्रमण भी था। वहीं, पास की बिल्डिंग में जेसीबी और हैमर से चल रही तोड़फोड़ को लेकर पड़ोसियों ने पहले ही आपत्ति जताई थी, लेकिन काम नहीं रोका गया। …. हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… कोटा में रेस्टोरेंट की बिल्डिंग गिरी, देखिए 10 PHOTOS:मलबे में दबे लोग चीख रहे थे- हमें बचा लो; युवक के दोनों पैर कटे कोटा के तलवंडी में शनिवार रात 9 बजे तीन मंजिला इमारत ढहने के बाद हर तरफ चीख-पुकार मच गई। मलबे में दबे एक युवक ने जिंदगी की आस में अपनों को फोन किया और बचाने की गुहार लगाई। पूरी खबर पढ़िए…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *