रामसर थाना इलाके का मामला:गाड़ी पलटी, एक ही परिवार के 28 लोग घायल, देवी दर्शन कर लौट रहे थे
[ad_1]
![]()
जिले के रामसर थाना इलाके में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलटी खा गई। हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 29 लोग सवार थे, जिनमें से 28 घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायल एक ही परिवार के हैं, जो देवी दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार भलीसर गांव का एक परिवार जैसलमेर के फतेहगढ़ जाजरा गांव में स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए गया था। शनिवार शाम करीब सवा 6 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी बालेवा रोड स्थित जानकी गांव के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, 3 एम्बुलेंस व निजी वाहनों से घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसा इतना भीषण था कि कई सवारियां गाड़ी में ही फंस गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रामसर थाना इंचार्ज पदमाराम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत रामसर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया। इसके बाद सभी 28 घायलों को बाड़मेर रेफर किया। रामसर से तीन एम्बुलेंस और तीन प्राइवेट गाड़ियों में घायलों को लेकर आए। हॉस्पिटल में एएसपी नीतेश आर्य, डीएसपी रमेश कुमार शर्मा, कोतवाल मनोज कुमार, महिला थानाधिकारी देवीचंद ढाका समेत पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। बाड़मेर जिला अस्पताल पहुंचे सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल धूड़ी पत्नी सालाराम को जोधपुर रेफर किया। वहीं पदमाराम, पुष्पा, कुंभाराम, लालराम, मोरू, गीता, ठाकराराम, प्रवीण, मोहन, संजय, कैलाश, पवन, पारु, कांता, वर्षा, मालाराम, गुड़ी, पप्पूराम, सगताराम, संजय, ताराराम, देवाराम, दिनेश, भंवरी, बसंती, रोहित, विष्णु, रमेश घायल हो गए। जिनका बाड़मेर जिला अस्पताल में उपचार किया गया। इनसाइट – 5-7 लोगों के बैठने की क्षमता, बिठाए 29 लोग महज 5-7 लोगों की क्षमता वाली बोलेरो कैंपर में बच्चों और महिलाओं समेत 29 लोग भरे हुए थे। हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी में सवार 29 में से 28 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। “घटना की सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे। कैंपर में करीब 29 लोग सवार थे, जिनमें से 28 को चोटें आई हैं। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल है। फिलहाल घायलों का उपचार कराया जा रहा है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।”
– पदमाराम, थानाधिकारी, रामसर
[ad_2]
Source link
