घुमंतू छात्रावास को हरसंभव सहयोग करेगा अनंत सुखराम ट्रस्ट बिराई

[ad_1]


भास्कर न्यूज |बाड़मेर घुमंतू जाति उत्थान न्यास की ओर से संचालित महादेव गुरुकुल घुमंतु छात्रावास का अवलोकन वरिष्ठ आयकर अधिकारी जोधपुर अजय कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रावास में अध्ययनरत बच्चों की शैक्षणिक, आवासीय एवं संस्कार गत व्यवस्थाओं की सराहना की। सर्वसमाज की ओर से संचालित इस छात्रावास का अवलोकन करते हुए अजय कुमार ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि इस गुरुकुल में आने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे और जब भी छात्रावास को किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, वे सदैव तत्पर रहेंगे। इस दौरान अनंत श्री सुखराम जी ट्रस्ट, श्रीराम धाम राम चौकी बिराई तहसील बावड़ी जोधपुर के प्रतिनिधि विजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनका ट्रस्ट सदैव सामाजिक कार्यों एवं जरूरतमंदों के सहयोग के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने घुमंतू छात्र-छात्राओं को ट्रेकशूट भेंट किए। तथा भविष्य में भी सहयोग की इच्छा व्यक्त की। अग्रवाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन का आधार है। एक शिक्षित व्यक्ति न केवल अपने कॅरियर को संवारता है, बल्कि समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। कार्यक्रम के दौरान छात्रावास के बच्चों की ओर से प्रस्तुतियां दी गई। इनमें संस्कृत गान, कविताएं, गणित के पहाड़े, अंग्रेजी में संवाद तथा सामूहिक गान शामिल रहे, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहा। मीडिया प्रभारी अजयनाथ ने बताया कि घुमंतू छात्रावास में समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं भामाशाहों की ओर से अवलोकन किया जाता है। जिससे छात्रावास को मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहता है। इस अवसर पर राजस्थान क्षेत्र घुमंतू छात्रावास संयोजक विक्रम सिंह तारातरा, संरक्षक सुशील भंडारी, महामंत्री मुकेश सोनी, प्रवक्ता अजयनाथ, अधीक्षक रेखानाथ, सदस्य जितेंद्र सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *