बिना एनओसी कोटा में चल रहे डेयरी बूथ:अवैध सामग्री बेच रहे, निगम अभियान चलाकर कर रहा सीज




कोटा में कई जगह पर बिना एनओसी के डेयरी बूथ संचालित हो रहे है। इन बूथों पर डेयरी उत्पादों के अलावा नशे की सामग्री बेची जा रही है। साथ ही ऐसे कई डेयरी बूथ है जिनके मालिकों ने एनओसी को सबलेट कर दिया है। शिकायतों के बाद अब नगर निगम की टीमें शहर में डेयरी बूथों की जांच कर रही है। अभियान चलाकर निरीक्षण किया जा रहा है और सीज की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि सरस डेयरी के उत्पादों के अतिरिक्त अवैध रूप से अन्य सामग्री बेच रहे डेयरी बूथ संचालकों पर निगम ने अपना शिकंजा और कस दिया है। जांच के दौरान निगम की टीम ने दो डेयरी बूथ को सीज किया तथा दो अन्य से अवैध सामग्री जप्त की है। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया के निर्देश पर मंगलवार से शहर में विभिन्न स्थानों पर डेयरी बूथ की जांच शुरू की गई है। कार्रवाई लगातार चल रही है। उपायुक्त राजस्व धीरज कुमार सोनी के नेतृत्व में सबसे पहले डीसीएम रोड पर स्वान होटल के सामने स्थित डेयरी बूथ की जांच की। वहां तंबाकू–जर्दा सहित कई अन्य प्रकार की अवैध सामग्री बेची जा रही थी। डेयरी बूथ संचालक एनओसी भी नहीं दिखा सका, इसके बाद अवैध सामग्री को जप्त करते हुए डेयरी बूथ को सीज कर दिया गया। इसके बाद टीम ने तलवंडी में शीला चौधरी रोड स्थित तीन डेयरी बूथ की जांच की। पहले डेयरी बूथ को एनओसी मिली हुई थी, लेकिन संचालक ने उसे किसी अन्य को सबलेट कर दिया था। वहां भी जर्दा तंबाकू तथा अन्य अवैध सामग्री की बिक्री हो रही थी। इसे देखते हुए उस डेयरी बूथ को भी सीज कर दिया गया। शेष दोनों डेयरी बूथ के पास एनओसी नहीं थी तथा वहां भी अवैध सामग्री की बिक्री की जा रही थी। एक बूथ पर संचालक ने अतिक्रमण भी कर रखा था। इस पर दोनों जगह से अवैध सामग्री को जप्त कर लिया गया तथा अतिक्रमण को हटाने के लिए गुरुवार शाम तक का समय दिया गया। अगर डेयरी बूथ संचालक अवैध अतिक्रमण नहीं हटाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर में लगातार ये अभियान चलेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *