डीडवाना-कुचामन में 37 गाड़ियों के काटे चालान:मंडूकरा हादसे के बाद चलाया 2 दिन का अभियान
![]()
डीडवाना-कुचामन जिले के मंडूकरा क्षेत्र में विद्यार्थियों से भरी पिकअप पलटने की घटना के बाद परिवहन विभाग ने अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जिलेभर में 2 दिवसीय विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से यात्रियों का परिवहन कर रही 37 पिकअप वाहनों के चालान काटे गए। यह कार्रवाई मुख्य रूप से पिकअप वाहनों में नियमों के विरुद्ध यात्रियों को बैठाकर ले जाने के मामलों में की गई। इसके अलावा मालवाहन नियमों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, वाहन की फिटनेस नहीं होने और वैध बीमा (इंश्योरेंस) के अभाव जैसे मामलों में भी चालान किए गए। परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न मार्गों और गांवों में जांच कर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
जिला परिवहन अधिकारी सुप्रिया विश्नोई ने बताया कि विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link

