21 साल के अमोल का रणजी टीम में चयन:2011 के वर्ल्डकप से देखा सपना,घर की तीसरी मंजिल पर नेट लगा प्रैक्टिस की,पिता डॉक्टर
[ad_1]
![]()
अलवर शहर के स्कीम नंबर 2 निवासी 21 वर्षीय क्रिकेटर अमोल चेलानी का रणजी ट्रॉफी के लिए चयन होने से अलवर में खुशी की लहर दौड़ गई है। विकेटकीपर-बल्लेबाज अमोल पिछले 14 वर्षों से क्रिकेट का अभ्यास कर रहे हैं। जैसे ही उनके पास चयन पत्र पहुंचा, तो उन्हें करीब दो घंटे तक इस पर यकीन ही नहीं हुआ। जब उन्होंने यह खुशखबरी अपने पिता संजय चेलानी को दी, तो घर का माहौल जश्न में बदल गया। आसपास के लोग भी अमोल को बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं। अमोल ने बताया कि वर्ष 2011 में भारत का वर्ल्ड कप फाइनल देखने के बाद उनके मन में क्रिकेटर बनने की चाहत जगी थी। उस समय उन्होंने घरवालों से कहा था कि वह भी क्रिकेट सीखना चाहते हैं। इसके बाद दादा नंदलाल चेलानी और पिता संजय चेलानी ने उन्हें एक क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलवाया। उस समय अमोल की उम्र महज 7 साल थी। दादा रोजाना उन्हें मैदान पर अभ्यास के लिए ले जाया करते थे। अमोल ने बताया कि वर्ष 2017 में दिल्ली के स्टेडियम में ऋषभ पंत को लंबे-लंबे छक्के लगाते देखा, जिसके बाद उन्होंने और अधिक मेहनत शुरू कर दी। उसी वर्ष एक मैच के दौरान ऋषभ पंत ने अमोल को एक रेड हेलमेट भी दिया था। तब अमोल अपने दादा-दादी के साथ अलवर की एक क्रिकेट एकेडमी के जरिए अभ्यास के लिए दिल्ली गया था। अमोल की दादी चंदा देवी का वर्ष 2018 में निधन हो गया था। उनकी इच्छा थी कि अमोल भविष्य में एक अच्छा क्रिकेटर बने। दादी के इस सपने और अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए अमोल ने खुद को पूरी तरह क्रिकेट को समर्पित कर दिया। अब रणजी ट्रॉफी में चयन होने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। अमोल के दादा नंदलाल चेलानी ने बताया कि 2011 में भारत की वर्ल्ड कप जीत के बाद अमोल का जोश अचानक बढ़ गया था। तभी से उसका रुझान क्रिकेट की ओर हो गया। वे खुद अमोल को उंगली पकड़कर मैदान तक लेकर जाते थे। दादी का सपना था कि अमोल क्रिकेटर बने। आज वह भले हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन यह सफलता देखकर उनकी आत्मा जरूर खुश होगी। अमोल के पिता संजय चेलानी, जो पेशे से होम्योपैथिक डॉक्टर हैं, ने बताया कि अमोल ने घर की तीसरी मंजिल पर ही अभ्यास के लिए नेट लगा रखा है, जहां वह नियमित रूप से तैयारी करता है। उन्होंने बताया कि अमोल का छोटा भाई मानव भी क्रिकेट सीख रहा है और वह एक ऑलराउंडर बल्लेबाज है।
[ad_2]
Source link
