- Hindi News
- National
- Draft Voter List | UP, MP, Rajasthan, West Bengal, Gujarat SIR Updates; 6.59 Crore Voter Removed
चुनाव आयोग ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) की ड्राफ्ट लिस्ट जारी की। इसके साथ ही 12 राज्यों में SIR का पहला फेज खत्म हो गया। वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने के लिए 28 अक्टूबर, 2025 से शुरू हुई मुहिम 2 महीने 11 दिन चली।
SIR से पहले इन राज्यों में 50.97 करोड़ मतदाता थे। वैरिफिकेशन के बाद 44.38 करोड़ रह गए। करीब 6.59 करोड़ मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हट गए हैं। यह 12 राज्यों के कुल मतदाताओं का 12.93% है। यानी हर 100 वोटर्स पर करीब 13 नाम कट गए।
जानिए राज्यों में SIR ड्राफ्ट लिस्ट में कितने वोटर कम हुए और चुनाव आयोग की दलीलें क्या हैं…
सबसे ज्यादा नाम उत्तर प्रदेश में काटे गए हैं, यहां हर 100 में से 19 वोटर्स के नाम कटे हैं, वहीं लक्षद्वीप में यह आंकड़ा केवल 3 है। दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में हर 100 में से 8, गुजरात में 15, छत्तीसगढ़ में 13 के नाम लिस्ट से हट गए।
मध्य प्रदेश-राजस्थान में लगभग 7.5 प्रतिशत लोगों के नाम कटे हैं, यानी हर 13वां नाम वोटर लिस्ट से बाहर हो गया है। हालांकि ये फाइनल लिस्ट नहीं है, जिन लोगों के नाम कटे हैं, वे दावे-आपत्तियां कर सकते हैं। फॉर्म 6 या 7 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं।
1. राजस्थान: 41.85 लाख वोटर्स के नाम कटे
राजस्थान में SIR की ड्राफ्ट लिस्ट में 41.85 लाख वोटर्स के नाम काटे गए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट से पहले राज्य में 5.48 करोड़ थे, ड्राफ्ट लिस्ट में 5.06 करोड़ वोटर्स का नाम शामिल किया गया।
काटे गए वोटर्स का प्रतिशत 7.6 है, यानी हर 100 से में लगभग 8 वोटर्स का नाम हटाया गया है। हालांकि, 41.85 लाख वोटर्स में से 8.75 लाख मृत पाए गए, 3.44 लाख डुप्लीकेट या फर्जी थे, तो वहीं 29.6 लाख वोटर्स शिफ्ट, लापता और अन्य थे।
2. उत्तर प्रदेश: 2.89 करोड़ वोटर्स के नाम काटे गए
उत्तर प्रदेश में SIR की ड्राफ्ट लिस्ट में 2.89 करोड़ नाम कट गए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट से पहले राज्य में 15.44 करोड़ थे, ड्राफ्ट लिस्ट में 12.55 करोड़ वोटर्स का नाम शामिल किया गया।
काटे गए वोटर्स का प्रतिशत 18.72 है, यानी हर 100 से में लगभग 19 वोटर्स का नाम हटाया गया है। हालांकि, 2.89 करोड़ वोटर्स में से 46.23 लाख मृत पाए गए, 25.47 लाख डुप्लीकेट या फर्जी थे, तो वहीं 2.17 करोड़ वोटर्स शिफ्ट, लापता और अन्य थे।
3. मध्य प्रदेश: 42.74 लाख वोटर्स के नाम काटे गए
मध्य प्रदेश में SIR की ड्राफ्ट लिस्ट में 42.74 लाख नाम कट गए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट से पहले राज्य में 5.74 करोड़ थे, ड्राफ्ट लिस्ट में 5.31 करोड़ वोटर्स का नाम शामिल किया गया।
काटे गए वोटर्स का प्रतिशत 7.44 है, यानी हर 100 से में लगभग 7 वोटर्स का नाम हटाया गया है। हालांकि, 42.74 लाख वोटर्स में से 8.46 लाख मृत पाए गए, 2.77 लाख डुप्लीकेट या फर्जी थे, तो वहीं 31.51 लाख वोटर्स शिफ्ट, लापता और अन्य थे।
4. पश्चिम बंगाल: 58.20 लाख वोटर्स के नाम काटे गए
पश्चिम बंगाल में SIR की ड्राफ्ट लिस्ट में 58.20 लाख नाम कट गए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट से पहले राज्य में 7.66 करोड़ थे, ड्राफ्ट लिस्ट में 7.08 करोड़ वोटर्स का नाम शामिल किया गया।
काटे गए वोटर्स का प्रतिशत 7.6 है, यानी हर 100 से में लगभग 8 वोटर्स का नाम हटाया गया है। हालांकि, 58.20 लाख वोटर्स में से 24.17 लाख मृत पाए गए, 1.38 लाख डुप्लीकेट या फर्जी थे, तो वहीं 32.65 लाख वोटर्स शिफ्ट, लापता और अन्य थे।
5. गुजरात: 73.73 लाख वोटर्स के नाम काटे गए
गुजरात में SIR की ड्राफ्ट लिस्ट में 73.73 लाख नाम कट गए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट से पहले राज्य में 5.08 करोड़ थे, ड्राफ्ट लिस्ट में 4.34 करोड़ वोटर्स का नाम शामिल किया गया।
काटे गए वोटर्स का प्रतिशत 14.52 है, यानी हर 100 से में लगभग 15 वोटर्स का नाम हटाया गया है। हालांकि, 73.73 लाख वोटर्स में से 18.07 लाख मृत पाए गए, 3.81 लाख डुप्लीकेट या फर्जी थे, तो वहीं 51.85 लाख वोटर्स शिफ्ट, लापता और अन्य थे।
6. तमिलनाडु: 97 लाख वोटर्स के नाम काटे गए
तमिलनाडु में SIR की ड्राफ्ट लिस्ट में 97 लाख नाम कट गए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट से पहले राज्य में 6.41 करोड़ थे, ड्राफ्ट लिस्ट में 5.44 करोड़ वोटर्स का नाम शामिल किया गया।
काटे गए वोटर्स का प्रतिशत 15.13 है, यानी हर 100 से में लगभग 15 वोटर्स का नाम हटाया गया है। हालांकि, 97 लाख वोटर्स में से 26.95 लाख मृत पाए गए, 3.34 लाख डुप्लीकेट या फर्जी थे, तो वहीं 66.7 लाख वोटर्स शिफ्ट, लापता और अन्य थे।
7. छह राज्यों में लगभग 55 लाख नाम कटे
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अन्य 6 राज्यों में भी बड़ी संख्या में नाम काटे गए हैं। छत्तीसगढ़ में 2.12 करोड़ में से 27.34 लाख(12.9%) नाम कटे , अब 1.85 करोड़ वोटर हैं। केरल में 2.78 करोड़ में से 24.08 लाख(8.66%) नाम हटे , ड्राफ्ट में 2.54 करोड़ वोटर बचे।
इधर, गोवा में 11.85 लाख वोटरों में से 1.01 लाख यानी 8.52% नाम कटे। अब वोटर 10.84 लाख रह गए। पुडुचेरी में 10.21 लाख में से 1.03 लाख यानी 10.09% नाम हटे, अब 9.18 लाख वोटर बचे।
उधर, लक्षद्वीप में असर कम रहा। 58 हजार में से 1.6 हजार नाम कटे (2.79%), अब 56.4 हजार वोटर हैं। अंडमान-निकोबार में 3.10 लाख में से 64 हजार नाम हटे (8.66%), अब 2.46 लाख वोटर रह गए।
SIR के बारे में जानें…
बिहार के बाद देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में SIR 28 अक्टूबर से शुरू हुआ है। इस प्रोसेस में वोटर लिस्ट का अपडेशन होगा। नए वोटरों के नाम जोड़े जाएंगे और वोटर लिस्ट में सामने आने वाली गलतियों को सुधारा जाएगा।
SIR की ड्राफ्ट लिस्ट के बाद आपके हर सवाल-जवाब
1. ड्राफ्ट सूची में नाम कैसे चेक करें? – आप अपना नाम 3 तरीके से चेक कर सकते हैं। पहला- बूथ लेवल ऑफिसर के पास उपलब्ध मतदाता सूची से, ECINET मोबाइल ऐप से और voters.eci.gov.in के जरिए। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाएं। राज्य और जिला चुनें। इसके बाद अपना विधानसभा क्षेत्र सेलेक्ट करें। अपना बूथ सेलेक्ट करें और ड्राफ्ट सूची डाउनलोड कर लें।
2. ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम न हो तो क्या करें? – आप फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। नए मतदाताओं को भी फॉर्म-6 भरना होगा।
3. कौन-सा फॉर्म कब भर सकते हैं, क्या ऑनलाइन भी भर सकते हैं? – फॉर्म 6A, 7, 8 का भी ऑप्शन है। विदेश में रहते हैं और नाम जुड़वाना चाहते हैं तो फॉर्म 6A भरना होगा। अगर नाम हटवाना है तो फॉर्म 7 भरना होगा। निवास बदलना है या सुधार करवाना है तो फॉर्म 8 भरना होगा। हां, ऑनलाइन भी फॉर्म भर सकते हैं।
4. आवेदन पत्र कहां से मिलेंगे, कहां जमा होंगे? – बूथ लेवल अधिकारी, तहसील में मतदाता पंजीकरण केंद्र (VRC) या वेबसाइट http://voters.eci.gov.in से मिलेंगे। फॉर्म भरकर बूथ लेवल अधिकारी, तहसील में VRC पर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप या http://voters.eci.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
5.पहली बार वोट डालने के योग्य हुए तो क्या करें? – ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2026 को 18 साल के हुए हैं, उन्हें फॉर्म 6 भरकर जमा करना होगा। जांच के बाद नाम जोड़े जाएंगे।
6. फॉर्म भरकर जमा करने के बाद क्या होगा? – फॉर्म भरने और दावा-आपत्ति के बाद जांच की जाएगी। सभी राज्यों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी इसे जांचेंगे।
7. क्या ड्राफ्ट सूची के नाम भी कट सकते हैं? – अगर कोई आपत्ति करता है तो संबंधित वोटर को नोटिस जारी किया जाएगा। जवाब नहीं मिलने पर बीएलओ क्रॉस चेक करेगा। आपत्ति सही पाई गई तो नाम अंतिम सूची से काट दिया जाएगा।
————————-
ये खबर भी पढ़ें….
यूपी SIR- ड्राफ्ट लिस्ट में 2.89 करोड़ नाम कटे:अब 12.55 करोड़ वोटर्स, 30 दिन दावे-आपत्तियां करें; पहले 11 राज्यों से 3.69 करोड़ नाम हटे थे
यूपी में SIR की ड्राफ्ट लिस्ट जारी हो गई है। इसमें 2.89 करोड़ (18 फीसदी) नाम कट गए हैं। इनमें 46.23 लाख मृत, 2.17 करोड़ लोग शिफ्टेड और 25.47 लाख डुप्लीकेट वोटर शामिल हैं। पहले प्रदेश में 15.44 करोड़ वोटर थे, अब 12.55 करोड़ मतदाता बचे हैं। पूरी खबर पढ़ें…