इजराइल और अमेरिका के ईरान खिलाफ छेड़े युद्ध से खाड़ी देशों में हालात बिगड़े हैं। इससे बड़ी संख्या में भारतीय भी दुबई, कतर, दोहा, UAE, आदि जगहों पर फंस गए हैं। इसी बीच एक्टर-सिंगर एमी विर्क ने अपडेट दिया है कि UAE में उनकी पत्नी और बेटी फंसे हुए हैं।
.
विर्क ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उनकी बेटी बोल रही है- पापा, जब भी कुछ अनहोनी होगी तो मैं बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। आप टेंशन मत लो।
एक्टर का कहना है कि मिडिल ईस्ट से आ रही हर खबर पर उनकी नजर है। उन्होंने फंसे हुए अन्य लोगों और परिवारों की भी सलामती के लिए प्रार्थना की है।
इसके अलावा मानसा का एक कपल भी दुबई में फंसा हुआ है। वह हनीमून मनाने गया था। पंजाबियों के विदेश में फंसने के मामले बढ़ते देख पंजाब सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इन पर फोन कर लोग मदद मांग सकते हैं।
दुबई में फंसे गुरप्रीत सिंह और उनकी पत्नी की फाइल फोटो।
पहले जानिए, सोशल मीडिया पर एक्टर ने क्या लिखा…
- तनावग्रस्त महसूस कर रहा: सोशल मीडिया पोस्ट में एक्टर एमी विर्क ने लिखा- UAE में स्थिति मेरे दिल पर भारी पड़ रही है। मेरी पत्नी और मेरी 6 साल की बेटी वहां है। ऐसे समय में मैं एक पति और पिता के रूप में भावनात्मक और तनावग्रस्त महसूस कर रहा हूं।
- हर न्यूज अपडेट पर्सनल लग रहा: आगे लिखा है- मेरी बेटी कह रही है, “पापा मैं कुछ होने पर अपने बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। मैं एक मजबूत लड़की हूं पापा, चिंता मत करो”। यह वे शब्द नहीं हैं जो एक पिता सुनना चाहता है। हर न्यूज अपडेट मुझे पर्सनल लगता है। सार्वजनिक जीवन में हम कितने भी मजबूत रहने की कोशिश करें, लेकिन दिन के अंत में हम परिवार वाले लोग हैं।
- हर व्यक्ति के लिए मेरी प्रार्थना: उन्होंने लिखा- साथ ही, मुझे पता है कि कई अन्य परिवार भी उसी डर और चिंता से गुजर रहे हैं। मेरी प्रार्थनाएं केवल मेरे प्रियजनों के लिए नहीं हैं, बल्कि हर एक प्रभावित व्यक्ति के लिए हैं। मैं UAE के अधिकारियों और UAE सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को स्वीकार और सराहना भी करना चाहता हूं।
- सभी परिवार सुरक्षित रहें, यही मेरी प्रार्थना: मुझे जो बताया जा रहा है, लोगों को सुरक्षित रखने और उन्हें सहायता पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए मैं वहां की सरकार का शुक्रगुजार हूं। आइए, हम सभी के लिए शांति, स्थिरता और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करना जारी रखें। यह फेज जल्द ही बीत जाए, और सभी परिवार सुरक्षित और संरक्षित महसूस करें।
एक्टर की सोशल मीडिया पोस्ट…
पंजाब सरकार ने हेल्पलाइन चालू की
खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों की मदद के लिए पंजाब सरकार ने हेल्पलाइन शुरू की है। इसकी जानकारी खुद CM भगवंत मान ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने अपना कंट्रोल रूम बनाया है। यहां संपर्क कर लोग अपने परिवारों के लिए मदद मांग सकते हैं। सरकार खुद भी खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों के आंकड़े जुटाने में लगी है। इसके लिए सरकार लगातार विदेश मंत्रालय के संपर्क में है।
सीएम ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं या उसके परिवार का सदस्य इन खाडी देशों में फंसा है, तो वह तुरंत संपर्क करे। इसके लिए NRI विंग का कंट्रोल रूम बनाया है, जो 24 घंटे एक्टिव है। इसके लिए फोन नंबर- 0172-2260042 और 0172-2260043 पर संपर्क कर सकते हैं। या फिर वॉट्सऐप नंबर +91 94787 79112 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
CM भगवंत मान ने यह पोस्ट किया।
हनीमून मनाने गया कपल फंसा
वहीं, मानसा के सरदूलगढ़ से हनीमून मनाने दुबई गया नवविवाहित कपल इजराइल-ईरान जंग के कारण वहीं फंस गया है। गुरप्रीत सिंह और उनकी पत्नी की वापसी की फ्लाइट 3 मार्च को थी, लेकिन उड़ान रद्द होने से वे घर नहीं लौट पा रहे हैं।
गुरप्रीत ने फोन कर परिवार को अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी है, लेकिन हालात को लेकर परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। गुरप्रीत के पिता गुरजंट सिंह ने भावुक होकर कहा कि हम सुबह उठते ही सबसे पहले टीवी चला लेते हैं और दिन भर खबरों पर नजर रहती है। हर नई अपडेट के साथ दिल की धड़कन तेज हो जाती है। जब तक वे घर नहीं लौट आते, चैन कैसे आएगा?
टीवी पर न्यूज देखते हुए गुरप्रीत के परिजन।
जानिए गुरप्रीत सिंह के पिता ने क्या बताया….
- घर में किसी का मन नहीं लग रहा: गुरप्रीत सिंह के पिता गुरजंट सिंह ने बताया कि घर में किसी का भी मन काम में नहीं लग रहा है। उन्होंने कहा कि हम सुबह उठते ही सबसे पहले टीवी चला लेते हैं। दिन भर खबरों पर नजर रहती है। हर नई अपडेट के साथ दिल की धड़कन तेज हो जाती है। गुरजंट सिंह ने यह भी बताया कि बेटे से रोजाना फोन पर बात हो जाती है।
- भगवान से जल्द वापसी की प्रार्थना: पिता के मुताबिक, गुरप्रीत ने परिवार को बताया है कि वह सुरक्षित हैं और होटल में ही ठहरे हुए हैं। वहां भारतीय दूतावास की ओर से भी उनसे संपर्क बनाए रखने को कहा गया है। गुरजंट सिंह ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक वे घर नहीं लौट आते, चैन कैसे आएगा? परिवार के अन्य सदस्य भी लगातार प्रार्थना कर रहे हैं कि हालात जल्द सामान्य हों और उड़ानें बहाल हों ताकि उनका बेटा-बहू सकुशल लौट सकें।
- सरकार से वापसी के लिए कदम उठाने की मांग: गुरजंट सिंह ने सरकार से अपील की है कि दुबई में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि जैसे पहले भी संकट के समय सरकार ने अपने नागरिकों को सुरक्षित निकाला है, वैसे ही इस बार भी शीघ्र कदम उठाए जाने चाहिए।
- पड़ोसी और रिश्तेदार हालचाल जानने पहुंच रहे घर: पड़ोसी और रिश्तेदार भी परिवार का हालचाल जानने के लिए घर पहुंच रहे हैं। सभी का एक ही सवाल है कि कोई नई खबर आई क्या? घर में टीवी की आवाज कभी धीमी नहीं होती। मोबाइल हर समय चार्ज पर रहता है, ताकि बेटे की कॉल मिस न हो जाए। गुरप्रीत सिंह के ताया दलवार सिंह ने कहा कि बेटा-बहू शादी के बाद खुशियां मनाने गए थे, पर अब हम सब दुआ कर रहे हैं कि वे जल्दी घर लौट आएं। यही हमारी सबसे बड़ी खुशी होगी।
बठिंडा की प्रिंसिपल भी दुबई में फंसी
वहीं बठिंडा की प्रिंसिपल नीरू गर्ग भी US-इजराइल और ईरान जंग के कारण दुबई के शारजाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंस गईं। उन्होंने एयरपोर्ट से वीडियो जारी कर बताया कि उनके पास बीपी और शुगर जैसी जरूरी दवाइयां खत्म हो चुकी हैं और हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने भारत सरकार से मदद की अपील की थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रबंध नहीं हुआ। नीरू ने बताया कि रात करीब 10 बजे उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने को कहा गया, लेकिन कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए। उन्हें इंडिगो से भी शिकायत है, क्योंकि एयरलाइन ने बाहर अधिकारियों के मिलने की बात कही थी, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार के बाद उन्होंने होटल तलाश किया, पर सभी होटल भरे हुए थे। अंत में 20 किलोमीटर दूर एक महंगा होटल मिला, जहां उन्होंने रात बिताई।
चंडीगढ़ से दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
उधर, इजराइल और ईरान जंग के चलते आज (2 मार्च को) चंडीगढ़ से दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। पहली फ्लाइट संख्या 1417/1418 (AUH-IXC-AUH) है, जो अबू धाबी और चंडीगढ़ के बीच संचालित होती है। दूसरी फ्लाइट संख्या 1482/1481 (DXB-IXC-DXB) है, जो दुबई और चंडीगढ़ के बीच चलती है।
यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी टिकट की स्थिति की पुष्टि कर लें और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय पर जानकारी प्राप्त करना जरूरी है।
***********
ईरान-इजराइल जंग, बठिंडा की प्रिंसिपल दुबई में फंसी: VIDEO में बोलीं- एयरपोर्ट से बाहर निकाला, पैसे-दवा खत्म; बच्चों से मिलने गई थी
US-इजराइल और ईरान जंग से मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ने लगे हैं, जिसका असर अब पंजाब के लोगों पर भी दिख रहा है। एयरस्पेस बंद होने से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में दुबई के शारजाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई पंजाबी यात्री फंस गए हैं। बठिंडा की प्रिंसिपल नीरू गर्ग ने एयरपोर्ट से वीडियो जारी कर बताया कि उनके पास बीपी और शुगर जैसी जरूरी दवाइयां खत्म हो चुकी हैं और हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)