Year Ender 2025: Punjab, Chandigarh & Himachal’s 10 Biggest Shocking Events | पंजाब में ड्रोन ने डराया, बाढ़ ने रुलाया: AAP के 4 MLA ने चौंकाया, 2 भाई, एक दुल्हन; 2025 की 5 वायरल फोटो, 10 बड़ी घटनाएं – Jalandhar News
साल 2025 का आज आखिरी दिन है। इस पूरे साल में पंजाब ने जंग का माहौल झेला। 3 रातें आसमान में मंडराते ड्रोन देखे। बाढ़ ने पूरे पंजाब को रुलाया। सैकड़ों लोग घर से बेघर हो गए। दिन और रात बाढ़ के खतरे में गुजारे।
.
AAP की अंदरूनी राजनीति ने भी पंजाबियों को चौंकाया। एक विधायक ने अचानक इस्तीफा दे दिया। दूसरे को पुराने केस में जेल जाना पड़ा। तीसरे भ्रष्टाचार में पकड़ा गया तो चौथा रेप केस में फंस गया।
राजनीतिक बयानबाजी भी बेलगाम रही। बात 500 करोड़ की अटैची में CM से लेकर डायनासोर, छिपकली और ट्रॉली चोर तक पहुंच गई। पंजाब पुलिस के DIG भी भ्रष्टाचार केस में फंसे।
पंजाब के 3 शहरों को पवित्र शहर का दर्जा मिला। इस दौरान पंजाब ने कई कलाकार खो दिए। बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र से लेकर 8 कलाकार दुनिया से रुखसत हो गए।
हिमाचल में एक लड़की की 2 भाइयों से शादी भी खूब सुर्खियों में रही। चंडीगढ़ में IPS ने अपनी कोठी में सुसाइड कर लिया तो हिमाचल में बाढ़ से तबाही मची।
साल 2025 में पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल की 10 बड़ी घटनाओं को जानने के लिए पूरी रिपोर्ट पढ़ें…
1. राजनीति: पूर्व मंत्री गिरफ्तार, आप MLA का अचानक इस्तीफा साल 2025 के उपचुनाव में AAP जीतती रही। पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया की आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार हुए। AAP की विधायक अनमोल गगन मान का अचानक इस्तीफा और फिर उसे वापस लेना भी सुर्खियों में रहा।

2. तीन पवित्र शहर, मीट-शराब, तंबाकू बिक्री बंद 45 साल बाद पंजाब में पवित्र शहरों की मांग पूरी हो गई। AAP सरकार ने खालसा की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब में विधानसभा का विशेष सत्र बुला प्रस्ताव पास करवाया। जिसके बाद अमृतसर की वॉल्ड सिटी, तख्त श्री दमदमा साहिब (तलवंडी साबो) तख्त श्री केसगढ़ साहिब (श्री आनंदपुर साहिब) पवित्र बना दिए गए। इनके विकास के लिए अलग से फंड आएगा। यहां मीट, शराब, तंबाकू, सिगरेट आदि उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।

3. ऐतिहासिक बाढ़, 43 लोगों की जान गई पंजाब को साल 2025 बाढ़ के लिए भी याद रहेगा। अगस्त के अंत और सितंबर के शुरुआत में लगातार बरसात के बाद बाढ़ आई। AAP सरकार ने इसे इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ बताया। सभी 22 जिलों के 2500 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। इसमें 43 लोगों की जान चली गई जबकि 3.87 लाख लोग प्रभावित हुए।
1.95 लाख हेक्टेयर से ज्यादा जमीन पर धान की फसल बर्बाद हो गई। बाढ़ के कारण पूरे राज्य में 2.52 लाख पशु और 5.88 लाख पोल्ट्री को भी नुकसान हुआ। बाढ़ मुआवजे के तौर पर पीएम मोदी की 1600 करोड़ रुपए की मदद पर खूब राजनीति हुई।

4. आपरेशन सिंदूर में पंजाब में गिरी मिसाइलें-ड्रोन पहलगाम हमले के जवाब में शुरू हुए आपरेशन सिंदूर का पंजाब में भी असर देखने को मिला। पाकिस्तान की तरफ से किए हमले में पंजाब के कई गांवों में ड्रोन और मिसाइलों के टुकड़े गिरे। लोगों ने ब्लैकआउट के दौरान अंधेरे में रातें काट सेना का हौसला बढ़ाया।
अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, फिरोजपुर और फाजिल्का के सीमा पर बसे लोग सेना के साथ डटे रहे। सेना के लिए दूध, चाय और खाना पहुंचाने वाले फिरोजपुर के बच्चे श्रवण कुमार के बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया। आपरेशन के दौरान फिरोजपुर के गांव खाई फेमे के में ड्रोन के टुकड़े गिरने से घर में आग लग गई। इससे एक महिला की मौत हो गई।

5. पंजाब ने खोया अपना इकलौता शाकाहारी बॉडी बिल्डर साल 2025 के अक्तूबर का पहला हफ्ता पंजाब के लोगों के लिए बुरी खबर लेकर आया। जालंधर के रहने वाले और पंजाब के इकलौते शाकाहारी बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन का अचानक निधन हो गया। एक्सरसाइज करते हुए कंधे की नस दबने से वरिंदर घुम्मन इलाज के लिए जालंधर के प्राइवेट अस्पताल गए।
यहां से उनको 9 अक्तूबर को अमृतसर फोर्टिस में भेज दिया गया। फोर्टिस के डॉक्टरों ने आपरेशन की सलाह दी। आपरेशन से पहले घुम्मन ने डॉक्टरों के साथ बात की जिसका अंतिम वीडियो भी सामने आया। आपरेशन के 3 घंटे बाद ही वरिंदर घुम्मन को 2 हार्ट अटैक आए और उनकी मौत हो गई। बॉडी बिल्डर की मौत से हेल्थ सिस्टम पर सवाल उठे। परिवार को जांच का भरोसा दिलाया गया। जालंधर में उनके नाम का पार्क बनाया गया।

6. पंजाबी सिंगर-एक्टर खोए, जवंदा-भल्ला ने ज्यादा रुलाया साल 2025 में पंजाब ने अपने कई सिंगर-एक्टर और संगीतकार खो दिए। पंजाब के कॉमेडी किंग जसविंदर भल्ला का शुगर की बीमारी के चलते देहांत हो गया। वह पूरी उम्र लोगों को अपनी कॉमेडी से हंसाते रहे। उभरते एक्टर-सिंगर राजवीर जवंधा पंचकूला में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। उनके लिए खूब अरदास-प्रार्थना हुई लेकिन मोहाली में मौत से जंग हार गए।
इसी तरह पंजाब के कई कलाकारों को हिट करने वाले संगीत सम्राट चरनजीत आहूजा का निधन हो गया। एक सड़क दुर्घटना में फिर से म्यूजिक इंडस्ट्री में कमबैक कर रहे हरमन सिद्धू की मौत हो गई। साल के अंत में पंजाब को बड़े सिंगर देने वाले पूरण शाह कोटी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

7. चंडीगढ़ में IPS सुसाइड ने हरियाणा की ब्यूरोक्रेसी हिलाई हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार ने 7 अक्टूबर 2025 को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में सुसाइड कर लिया। उन्होंने अपने आवास में खुद को गोली मार ली। शव घर के बेसमेंट में मिला। इनके लिखे सुसाइड नोट में कई सीनियर अधिकारियों के नाम मिले।
इसमें चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी, पूर्व चीफ सेक्रेटरी, टीवीएसएन प्रसाद (हरियाणा)डीजीपी शत्रुजीत कपूर (हरियाणा) पूर्व एसीएस राजीव अरोड़ा, संदीप खिरवार पूर्व एडीजी, हरियाणा, मनोज यादव पूर्व डीजीपी, हरियाणा, अभिताभ ढिल्लों एडीजी, हरियाणा, पीके अग्रवाल पूर्व डीजीपी, हरियाणा के नाम मिलने से आईपीएस लॉबी में हलचल रही।

8. MLA की मौत ने चौंकाया, कर्नल से मारपीट पर पुलिस दागदार हुई
- आप के विधायक गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से मौत: लुधियाना पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए साल 2025 की शुरुआत बुरी खबर से हुई। 11 जनवरी 2025 को आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत सिंह गोगी की गोली लगने से मौत हो गई। जिसने सबको चौंकाकर रख दिया।
- पटियाला के कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ से मारपीटः पटियाला में 13-14 मार्च की रात को कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ और उनके बेटे अंगद सिंह से पुलिस कर्मियों ने मारपीट की। पार्किंग विवाद में हुए इस मामले में 12 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया। विधानसभा में मुद्दा उठा। हाईकोर्ट ने सीबीआई को जांच सौंपी। दिसंबर 2025 में CBI ने मोहाली कोर्ट में इंस्पेक्टर रॉनी सिंह समेत 4 पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
- कबड्डी मैच में फायरिंग, खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की हत्याः 15 दिसंबर 2025 को मोहाली के सोहाना (सेक्टर-82) में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान फायरिंग हुई। कबड्डी प्लेयर व प्रमोटर राणा बलाचौरिया (कंवर दिग्विजय सिंह) पर हमलावरों ने सेल्फी के बहाने नजदीक आकर सिर में गोली मार दी। पुलिस जांच में बंबीहा गैंग का कनेक्शन सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली और दावा किया कि यह सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का बदला है।
- अबोहर के कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्याः फाजिल्का जिले के अबोहर में 7 जुलाई को बड़े न्यू वियरवेल शोरूम के मालिक और फैशन डिजाइनर संजय वर्मा गोली मारकर हत्या। लॉरेंस गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली, दावा किया संजय ने उनके कॉल का जवाब नहीं दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को एनकाउंटर में मारा।
- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर की हत्या: पंजाब के लुधियाना की रहने वाली 30 वर्षीय कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की 9 जून 2025 को हत्या कर दी गई। उसका शव 11 जून को बठिंडा के आदेश अस्पताल पार्किंग में कार की पिछली सीट पर मिला। अमृतपाल मेहरों हत्या के बाद UAE भाग गया, उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस और अरेस्ट वारंट जारी।

9. भ्रष्टाचार-ड्रग्स पर एक्शन में रही सरकार
- डीआईजी भुल्लर गिरफ्तारः घर से नकदी-सोना मिला: अक्टूबर में पंजाब पुलिस के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को सीबीआई ने रिश्वत और भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया। उनके घर और अन्य ठिकानों पर हुई छापेमारी में लगभग साढ़े 7 करोड़ की नकदी, करीब डेढ़ से ढाई किलो सोना, 22 से ज्यादा लग्जरी घड़ियां, महंगी गाड़ियां (मर्सिडीज, ऑडी) से जुड़े दस्तावेज, 108 बोतल विदेशी शराब, हथियार और गोलियां बरामद हुईं।
- पहले विजिलेंस डायरेक्टर बनाया, फिर एफआईआर: साल 2025 में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो में 3 डायरेक्टर बदले। एक डायरेक्टर एसपीएस परमार को बर्खास्त तक कर दिया गया। डायरेक्टर बदलने की शुरुआत फरवरी 2025 में हुई। पहले तत्कालीन चीफ डायरेक्टर वरिंदर कुमार को हटाकर उनकी जगह जी. नागेश्वर राव को विजिलेंस ब्यूरो का प्रमुख बनाया गया, लेकिन करीब डेढ़ महीने बाद ही मार्च 2025 में जी. नागेश्वर राव को भी पद से हटा दिया गया और SPS परमार को नया चीफ डायरेक्टर नियुक्त किया गया। इसके बाद अप्रैल 2025 में ड्राइविंग लाइसेंस घोटाले से जुड़े मामले में कथित लापरवाही को लेकर परमार को सस्पेंड कर दिया गया।
- आरटीओ दफ्तर में ताले, सेवाएं फेसलेस: वर्ष 2025 में ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन रजिस्ट्रेशन से जुड़े कामों में कथित अनियमितताओं और रिश्वतखोरी की शिकायतें सामने आईं। विजिलेंस जांच में रिकॉर्ड में गड़बड़ी, नियमों की अनदेखी और दलालों की सक्रिय भूमिका के आरोप लगे। हालात को काबू में करने और सबूत सुरक्षित रखने के लिए ट्रांसपोर्ट ऑफिस को अस्थायी तौर पर सील कर ताले लगा दिए गए गए। साथ ही लुधियाना में आरटीओ दफ्तर की सेवाएं फेसलेस कर दी गईं।
- अपनी सरकार में जालंधर विधायक रमन अरोड़ा अरेस्ट: जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा के लिए साल 2025 कानूनी मुश्किलों से भरा रहा। उन पर भ्रष्टाचार और जबरन वसूली के आरोप लगे। इन आरोपों में 23 मई 2025 को विजिलेंस ने उनको गिरफ्तार किया। आप विधायक के सूबे में अपनी सरकार होने पर जेल जाना पड़ा।
- पंजाब पुलिस की इंस्टाक्वीन अमनदीप कौर बर्खास्त: पंजाब पुलिस की इंस्टाक्वीन नाम से मशहूर बठिंडा की महिला कॉन्स्टेबल अमनदीप कौर के लिए साल 2025 बेहद विवादों भरा रहा। महिला कॉन्स्टेबल की नशे के मामले में 2 अप्रैल 2025 को बठिंडा पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने गिरफ्तारी की। 3 अप्रैल को उसे बर्खास्त कर दिया गया। वे सिद्धू मूसेवाला के परिवार की सुरक्षा में भी तैनात रही थीं, लेकिन लापरवाही के चलते उन्हें वहां से हटा दिया गया था।

10. पंजाब-हिमाचल की 5 चर्चित शादियां-सगाई
- क्रिकेटर अभिषेक की बहन बनीं दुल्हन: इंडियन टीम के स्टार क्रिकेटर अभिषेक शर्मा की बहन कोमल शर्मा की शादी अक्टूबर 2025 में लुधियाना के बिजनेसमैन लोविश ओबेरॉय से अमृतसर में हुई। खास बात यह थी कि शादी के दिन अभिषेक क्रिकेट मैच खेलने के लिए गए थे।
- पंजाब भाजपा नेता का शाही परिवार से जुड़ा नाता: पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता मनप्रीत बादल की बेटी रिया का रिश्ता जम्मू के शाही परिवार के साथ जुड़ा। रिया की कांग्रेस के सीनियर नेता करण सिंह के पोते आरके मार्तंड के साथ सगाई हुई।
- जोड़ीदार भाइयों की शादी: हिमाचल प्रदेश में साल 2025 में सिरमौर के शिलाई के 2 भाइयों ने एक लड़की से शादी की। यह शादी पूरे देश में चर्चा में रही। 12 जुलाई को शिलाई गांव के प्रदीप नेगी और कपिल नेगी की बारात साथ लगते कुन्हाट गांव की युवती सुनीता चौहान के गांव पहुंची। 13 जुलाई को शादी की सारी रस्में पूरी की गईं। शादी के बाद दोनों भाईयों ने कहा- उन्होंने बिना किसी दबाव के आपसी सहमति से शादी की है। हमें अपने कल्चर पर गर्व है।
- वीरभद्र के बेटे ने की दूसरी शादी: हिमाचल के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दूसरी शादी की। यह शादी पंजाब की डॉ. अमरीन कौर के साथ 22 सितंबर को चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित गुरुद्वारे में हुई। अमरीन कौर पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में साइकोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। विक्रमादित्य की पहली शादी सुदर्शना से 8 मार्च 2019 को हुई थी।
- आस्था-सचिन की शादी चर्चा में रही: साल 2025 के नवंबर में हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री और हिमाचल कैडर के आईएएस अधिकारी सचिन शर्मा की शादी चर्चा में रही। सचिन शर्मा मूल रूप से हरियाणा के गुरुग्राम में जहाजगढ़ गांव के रहने वाले हैं। वह ऊना के अंब में एसएडीएम पद पर तैनात हैं।

अंत में देखिए, पंजाब की 5 चर्चित फोटो, जो खूब वायरल हुईं…





(इनपुट: जालंधर से जगमोहन शर्मा, लुधियाना से राजेश भट्ट, चंडीगढ़ से अमित शर्मा व विनोद राणा, शिमला से देवेंद्र हेटा।)

