ट्रेन घटना का मामला:चलती ट्रेन पर कांच की बोतल फेंकी, युवती की नाक-सिर पर गंभीर चोटें आईं
![]()
उदयपुर से अजमेर जा रही पैसेंजर ट्रेन पर गुरुवार को अज्ञात बदमाशों ने कांच की बोतल फेंक दी। इस हमले में खिड़की के पास बैठी एक 25 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश छा गया। जानकारी के अनुसार, घायल युवती की पहचान शिफा (25) के रूप में हुई है, जो अपनी बहन के साथ जनरल डिब्बे में उदयपुर से फतहनगर जा रही थी। ट्रेन राणा प्रताप नगर स्टेशन से सुबह 11:34 बजे रवाना हुई थी। करीब 15 मिनट बाद, 11:47 बजे जब ट्रेन देबारी के पास मेघवालों की घाटी गांव के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक बाहर से एक कांच की बोतल ट्रेन के अंदर आकर शिफा को लगी, बोतल लगने से शिफा की नाक, मुंह और सिर पर गहरी चोटें आई हैं और काफी खून बहने लगा। अचानक चिल्लाई युवती, तुरंत ट्रेन रुकवाई प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट मधु गर्ग, जो उसी समय ट्रेन में सफर कर रही थीं, ने बताया कि खिड़की के पास बैठी युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर उन्होंने तुरंत ट्रेन की चैन खींची और उसे रुकवाया। इसके बाद करीब 1 किलोमीटर आगे देबारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोककर घायल युवती को स्ट्रेचर के जरिए नीचे उतारा गया। एम्बुलेंस की मदद से उसे उदयपुर के एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। जीआरपी थानाधिकारी गोवर्धन सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास 4 से 5 किलोमीटर के दायरे को चिन्हित कर लिया गया है। युवती जहां बैठी थी, वहां से कांच के टुकड़े बरामद हुए हैं, जिससे कांच की बोतल फेंके जाने की पुष्टि होती है। ये भी जानिए- इन ट्रेनों पर भी हो चुके हमले, यात्री बने निशाना 13 जनवरी 2026: उदयपुर-असारवा मार्ग पर वीरभूमि एक्सप्रेस (19316) पर जयसमंद और जावर माइंस के बीच सरसिया फाटक के पास पथराव हुआ। इसमें 3 यात्री घायल हुए और आरपीएफ ने 2 नाबालिगों को पकड़ा। 11 जनवरी 2026: उदयपुर-अजमेर इंटरसिटी पर देबारी और उदयपुर सिटी स्टेशन के बीच पथराव की घटना हुई। इसमें एक यात्री के सिर पर गंभीर चोट आई थी। 1 अक्टूबर 2024: डूंगरपुर के बिछीवाड़ा क्षेत्र में असारवा-डूंगरपुर ट्रेन पर असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी की, जिससे खिड़कियों के कांच टूटे थे। 2 अक्टूबर 2023: उदयपुर-जयपुर वंदे भारत ट्रेन को डिरेल करने की साजिश थी। गंगरार (भीलवाड़ा) के पास ट्रैक पर पत्थर व लोहे की रॉड मिली थीं। 13 नवंबर 2022: उदयपुर-अहमदाबाद रेलवे लाइन पर ओडा पुल (जावर माइंस) के पास ट्रैक को उड़ाने के लिए विस्फोट किया गया था।
Source link

