15 हजार रुपए का इनामी बदमाश हरिद्वार से गिरफ्तार:मानटाउन पुलिस ने दस साल फरार चल रहे आरोपी को किया गिरफ्तार
![]()
सवाई माधोपुर जिला पुलिस की विशेष टीम ने 10 सालों से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश मनीष उपाध्याय को हरिद्वार (उत्तराखण्ड) से गिरफ्तार किया है। साल 2015 से चल रहा था फरार
एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि आईजी भरतपुर रेंज, भरतपुर के आदेशानुसार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन ”शिकंजा” चलाया जा रहा है। जिसके तहत ASP विजय सिंह मीणा, CO सिटी उदय सिंह मीणा के सुपरविजन में और मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी अनिल कुमार ने बताया कि मथुरालाल मीणा, निवासी केशव नगर बजरिया, सवाई माधोपुर द्वारा दिनांक 02 नवंबर 2015 को थाना मानटाउन में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। जिसमें मथुरालाल मीणा ने बताया कि मनीष उपाध्याय पुत्र जगदीश उपाध्याय, निवासी जवाहर नगर बजरिया, सवाई माधोपुर ने जमीन के सौदे के नाम पर करीब 25 लाख रुपये प्राप्त किए, लेकिन न तो जमीन दी और न ही राशि वापस की। आरोपी धोखाधड़ीपूर्वक राशि हड़पकर फरार हो गया। मथुरा लाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। जांच में आरोपी मनीष उपाध्याय व उसकी माता कांता देवी के खिलाफ धोखाधड़ी व एससी/एसटी एक्ट के अपराध प्रमाणित पाए गए। इसके बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया था। साल 2023 में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला स्तर पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार पहुंची विशेष टीम
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मेडिकल लाइन से जुड़े कार्य कर रहा है। साइबर सेल के SI अजीत मोगा को मुखबिर से जानकारी मिली कि आरोपी हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास एक कॉलोनी में किराये से रह रहा है। सूचना पर विशेष टीम को हरिद्वार भेजा गया। पुलिस की भनक लगने पर आरोपी ने मकान बदल लिया। लगातार तलाश व तकनीकी सूचनाओं के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने एक एम्बुलेंस वाहन खरीदकर उसे किराये पर चला रखा था। पुलिस टीम ने दो दिन तक लगातार निगरानी व पीछा करने के बाद आरोपी को दबोच लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
Source link

