समस्याओं को लेकर निर्माण मजदूर यूनियन ने श्रम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन



सवाईमाधोपुर| जिले में पंजीकृत निर्माण मजदूरों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने से मजदूरों में रोष व्याप्त है। इसको लेकर निर्माण मजदूर यूनियन (एटक से सम्बद्ध) सवाई माधोपुर की ओर से सहायक श्रम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मजदूरों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई। यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन में बताया गया कि मजदूरों की मृत्यु क्लेम की एफडी तथा प्रसूति सहायता राशि एकमुश्त प्रदान नहीं की जा रही। वहीं शुभ शक्ति योजना के लंबित आवेदनों का निस्तारण कर योजना को पुनः चालू करने,श्रम विभाग में संचालित एनपीएस योजना को दोबारा लागू करने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में पंजीकृत श्रमिकों को सेफ्टी उपकरण जूता, हेलमेट, सुरक्षा टूल किट के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि देने, सरकारी व गैर सरकारी गैस सिलेंडर पर सब्सिडी प्रदान करने तथा निरस्त आवेदनों की अपील का 30 दिन में निस्तारण करने, डीबीटी के कारण जिन मजदूरों की राशि अटकी हुई है, उनका तुरंत निस्तारण करने, संगठित व असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को ठेकेदारों व मकान मालिकों द्वारा मजदूरी नहीं दिए जाने पर त्वरित कार्रवाई करने, बिना सुरक्षा उपकरण के बिल्डिंगों में कार्य कराने पर ठेकेदारों व मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने, श्रम विभाग की सभी योजनाओं के आवेदन प्रपत्र श्रम कार्यालय में चस्पा करने तथा यूनियन के प्रमाण पत्र के आधार पर पंजीकृत मजदूरों को योजनाओं का लाभ दिए जाने की मांग की। इस दौरान मजदूर यूनियन प्रतिनिधि मंडल सवाई माधोपुर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *