सड़क निर्माण में बाधा डालने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार:फलोदी के पुलिसकर्मियों पर किया था पथराव, निर्माण कार्य में लगी मशीनें भी टूटी थी




फलोदी जिला पुलिस ने धोलासर गांव में सड़क निर्माण के दौरान राजकार्य में बाधा डालने और पुलिस व प्रशासन के वाहनों पर पथराव करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई जाम्बा पुलिस थाना में दर्ज प्रकरण के आधार पर की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान धोलासर निवासी मोहम्मद रफीक (28), नेक मोहम्मद (45), इस्माईल खां (62), अब्दुल रहीम खां (65) और मोहम्मद शरीफ (68) के रूप में हुई है। इन सभी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है। ये घटना 3 फरवरी को सरहद धोलासर क्षेत्र में हुई थी। ननेउ से धोलासर जाने वाली सरकारी सड़क के निर्माण और डामरीकरण का कार्य तहसीलदार/कार्यपालक मजिस्ट्रेट लोहावट और पुलिस बल की मौजूदगी में आरएसआरडीसी कंपनी द्वारा शुरू किया गया था। काम शुरू होने के कुछ देर बाद, गांव के आसपास के कुछ लोगों ने राजकार्य को रोकते हुए बाधा उत्पन्न की। मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और वैधानिक प्रक्रिया की जानकारी दी, लेकिन आरोपियों ने बात नहीं मानी। आरोपियों ने पुलिस और प्रशासन के साथ धक्का-मुक्की और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सरकारी वाहनों और सड़क निर्माण में लगी मशीनों के शीशे टूट गए। मशीन ऑपरेटरों और पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए, वृताधिकारी फलोदी अचल सिंह देवड़ा के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *