रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार घायल गुस्साई भीड़ ने किया पथराव, शीशा क्षतिग्रस्त
![]()
मथुरा के व्यस्त स्टेट बैंक चौराहे पर बुधवार शाम सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। लोहागढ़ आगार की रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बस पर पथराव कर दिया। पथराव में बस का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया, जबकि हंगामे से यातायात ठप हो गया। थाना कोतवाली क्षेत्र में शाम करीब 5:30 बजे सदर निवासी राजू पुत्र धनाराम बाइक से चौराहे से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और राजू घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज लोगों ने बस पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया। हंगामे के दौरान कुछ युवकों बस कंडक्टर की डायरी और टिकट मशीन भी छीनकर भाग गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस को देखकर भीड़ छंट गई। बाद में पुलिस ने युवकों को पकड़कर टिकट मशीन और डायरी वापस दिलाई। हादसे और हंगामे के कारण चौराहे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में परिचालक ने एफआईआर दर्ज कराई है। मुख्य प्रंबंधक राकेश सैनी ने बताया कि बस संख्या आरजे-13-पीए-8429 अलीगढ़ से भरतपुर की ओर आ रही थी।
Source link

