मासूम को पागल कुत्ता 100 मीटर घसीटकर ले गया:30 सेकंड तक नोचता रहा;मां की चीख सुनकर पहुंचे परिजन,जगह-जगह से नोचा
![]()
खैरथल-तिजारा जिले के माचा गांव में घर के बाहर खड़े चार वर्षीय मासूम पर पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और बच्चे को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के समय बच्चे की मां पास में ही मौजूद थी, लेकिन कुत्ते की आक्रामकता के चलते वह कुछ नहीं कर सकी। पागल कुत्ते के हमले में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्ते ने बच्चे की दोनों आंखों के ऊपर सिर पर भयंकर घाव कर दिए, वहीं एक हाथ की उंगलियों और दूसरे हाथ की बाजू पर भी बुरी तरह नोच लिया। करीब 30 सेकंड तक कुत्ते ने बच्चे को अपने जबड़े में दबाकर रखा। मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को कुत्ते से छुड़वाया। खून से लथपथ हालत में घायल बालक को परिजन पहले किशनगढ़ बास अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में बच्चे के सिर में कुल सात टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा पलकों, हाथ की उंगलियों और बाजू पर भी कई टांके आए हैं। फिलहाल मासूम का इलाज अलवर जिला अस्पताल में जारी है। घायल बच्चे के चाचा मुबारिक ने बताया कि बच्चा असवाल पुत्र राहुल शाम करीब 6 बजे घर के बाहर खड़ा था, तभी अचानक एक पागल कुत्ता आया और हमला कर बच्चे को करीब 100 मीटर तक घसीट ले गया। उन्होंने बताया कि कुत्ता अभी तक पकड़ में नहीं आया है और गांव में खुलेआम घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
Source link

