पूंछरी क्षेत्र के लिए 67 करोड़ की योजना स्वीकृत:ओंकार सिंह लखावत ने की विकास कार्यों की समीक्षा, जल्द पूरा होने का दावा




राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने गुरुवार को डीग के पूंछरी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में चल रहे विकास कार्यों, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा की। निरीक्षण के बाद लखावत ने मीडिया को बताया कि पूंछरी क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए लगभग 67 करोड़ रुपये के कार्यादेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि आगामी पखवाड़े तक ये विकास कार्य पूरे हो जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को तुरंत सुविधा मिल सकेगी।
अध्यक्ष लखावत ने ड्रेनेज और सीवरेज प्लान की समीक्षा की और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार, भरतपुर विकास प्राधिकरण को जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को कुंडों और पोखरों से पानी की निकासी की सुचारु व्यवस्था बनाने के लिए भी निर्देशित किया, ताकि परिक्रमा मार्ग निर्बाध बना रहे। लखावत ने यह भी कहा कि विकास कार्यों में भगवान कृष्ण की लीलाओं को दर्शाने वाले तत्वों को शामिल करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि मथुरा से उज्जैन तक प्रस्तावित ‘कृष्ण गमन पथ कॉरिडोर’ और बृज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए निविदा प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी।
प्रशासनिक निरीक्षण एवं मानचित्र अवलोकन

दौरे के दौरान डीग कलेक्टर और तहसीलदार जुगीता मीना ने अध्यक्ष को क्षेत्र के समग्र विकास हेतु तैयार किया गया विस्तृत मानचित्र दिखाया। लखावत ने मानचित्र का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए मौके पर जाकर भौतिक प्रगति का मुआयना किया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग की पक्की सड़कों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। लखावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र की धार्मिक मर्यादा और श्रद्धालुओं की श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए समस्त कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *