डीग में किराने की दुकान में आगजनी:अज्ञात असामाजिक तत्वों ने लगाई आग, लाखों का सामान जला
![]()
डीग के अऊ गेट क्षेत्र में एक किराने की दुकान में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को हुई इस घटना में दुकान में रखा करीब तीन लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित दुकानदार प्रतापसिंह, पुत्र किशनसिंह, निवासी अऊ गेट, डीग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात अज्ञात लोगों ने उनकी दुकान में आग लगा दी। घटना के समय वे अपने घर पर सो रहे थे। गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे जब वे दुकान पर पहुंचे, तो देखा कि दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आगजनी में दुकान में रखी अलमारी, बिस्तर, फ्रिज, काउंटर और काउंटर के गल्ले में रखे लगभग 20 हजार रुपये नकद जल गए। प्रतापसिंह ने बताया कि उन्होंने दुकान खोलने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की डीग शाखा से ऋण भी ले रखा था, जिससे इस घटना के बाद उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। सब इंस्पेक्टर अमर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस कोतवाली डीग में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आगजनी के कारणों की जांच शुरू कर दी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

