कोटा में सांगा पटेल की मूर्ति के लिए गूंजे जयकारे:चौराहा नामकरण की मांग, जलती मशालों के साथ सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग;आंदोलन की चेतावनी
![]()
कोटा ग्रामीण के सांगोद कस्बे में वीर सांगा पटेल की मूर्ति स्थापना और चौराहे के नामकरण को लेकर चल रहा आंदोलन बुधवार शाम तेज हो गया। सरकार से हुई वार्ता विफल होने के बाद कस्बे में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला, जब सैकड़ों लोग हाथों में जलती मशालें लेकर सड़कों पर उतर आए। पूरा सांगोद मशालों की रोशनी में जगमगा उठा और प्रशासन के खिलाफ विरोध के स्वर गूंजने लगे। बड़ी संख्या में लोग सांगोद के खाड़ा परिसर में इकट्ठा हुए। इस मशाल जुलूस की खास बात यह रही कि प्रदर्शनकारी अपने-अपने घरों से खुद मशालें बनाकर लाए थे। खाड़ा परिसर में मशालें जलाने के बाद जुलूस तहसील रोड, सब्जी मंडी और गांधी चौराहा होते हुए आगे बढ़ा। पूरे मार्ग पर सांगा पटेल के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। जुलूस में युवाओं के साथ-साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे यह साफ हो गया कि आंदोलन को हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। अंत में जुलूस गायत्री चौराहे पर पहुंचा, जहां यह एक सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के वक्ताओं ने दो टूक कहा कि जब तक अदालत चौराहे पर वीर सांगा पटेल की मूर्ति स्थापना और चौराहे का नामकरण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में यह विरोध बड़ा रूप ले सकता है। इस बार की भारी भीड़ ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी हैं। बतादें, सांगा गुजर पटेल सांगोद इलाके के हैं जिन्होंने सांगोद बसाया था गुर्जर समुदाय से हैं। इसलिए सांगोद ग्रामीण और कस्बे के लोगों ने मूर्ति स्थापना और चौराहा नामकरण की मांग को लेकर विरोध किया था।
Source link

