शिक्षा विभाग का कनिष्ठ सहायक गिरफ्तार:ऑडिट में पकड़ी गई 15.21 लाख की गड़बड़, नोटिस के जवाब में दिए चेक हुए बाउंस




डूंगरपुर जिले की धम्बोला थाना पुलिस ने सीमलवाड़ा ब्लॉक के सीबीईओ कार्यालय के तत्कालीन कनिष्ठ सहायक को गिरफ्तार किया है। उस पर 15 लाख 21 हजार 549 रुपए के गबन का आरोप है। यह मामला ऑडिट के दौरान सामने आया था। वर्तमान ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मण कुमार डामोर ने धम्बोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार तत्कालीन कनिष्ठ सहायक और कैशियर अनिल लौहार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी धन में हेराफेरी की। आरोपी वर्ष 2008 से 2016 के बीच कैशियर के पद पर कार्यरत था। अनिल लौहार पर सरकारी 15 लाख 21 हजार 549 रुपए की राशि का गबन करने का आरोप है। गबन का खुलासा ऑडिट और भौतिक सत्यापन के दौरान हुआ था। विभाग ने आरोपी को राशि जमा कराने का नोटिस दिया, जिसके जवाब में उसने 5 लाख और 10.21 लाख रुपए के दो चेक दिए थे। हालांकि, बैंक में पर्याप्त राशि न होने के कारण ये चेक बाउंस हो गए। विभाग की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसी मामले में पुलिस ने आज निलंबित चल रहे तत्कालीन कनिष्ठ सहायक अनिल लौहार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *