मंगलवाड़ पुलिस ने नाकाबंदी ने जब्त किए 19.50 लाख नकद:सांवलिया से दर्शन कर लौट रहा था इनामी बदमाश, किया गिरफ्तार
![]()
चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस को नाकाबंदी के दौरान एक कार में संदिग्ध हालात में ले जाए जा रहे 19 लाख 50 हजार रुपए नकद मिले। यह कार्रवाई जिले में अवैध और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी के तहत की जा रही थी। नाकाबंदी के दौरान जब एक कार पुलिस को आती हुई दिखाई दी तो उसे रोका गया। जांच के दौरान कार से भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। कार चालक से पूछताछ में सामने आए विरोधाभास पुलिस ने कार रोककर चालक से नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम भवानी सिंह चौधरी पुत्र भारूराम चौधरी, उम्र 41 वर्ष, निवासी बाड़मेर बताया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से कुल 19 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम देखकर पुलिस को शक हुआ और चालक से पैसों के बारे में पूछताछ की गई। आरोपी ने पहले बताया कि वह होटल खरीदने के लिए यह रकम लेकर आया था, लेकिन थोड़ी ही देर में उसने कहा कि वह श्री सांवलिया जी के दर्शन कर वापस बाड़मेर लौट रहा है। जब पुलिस ने होटल के बारे में पूरी जानकारी मांगी तो आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे उसका बयान और भी संदिग्ध हो गया। एसपी ने बताई कार्रवाई की वजह पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस को यह सफलता मिली। एसपी ने कहा कि संदिग्ध हालात में नकदी ले जाना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है, खासकर तब जब उसका कोई ठोस और स्पष्ट स्रोत न बताया जा सके। पुलिस ने नियमानुसार नकदी को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इनामी बदमाश निकला आरोपी गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी की जानकारी बाड़मेर पुलिस से ली गई तो एक और बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस को बताया गया कि भवानी सिंह चौधरी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित है और उस पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। मंगलवाड़ पुलिस के लिए यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि एक साथ नकदी की बरामदगी और इनामी बदमाश की गिरफ्तारी हुई। बाड़मेर पुलिस को सौंपा गया आरोपी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद मंगलवाड़ थाना पुलिस ने आरोपी को बाड़मेर पुलिस के हवाले कर दिया है, ताकि एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद की गई नकदी का स्रोत क्या है और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
Source link

