फर्जी आरटीओ गिरफ्तार, अवैध वसूली का आरोप:परिवहन विभाग ने सोशल मीडिया वीडियो पर दर्ज कराई FIR




धौलपुर में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर परिवहन विभाग ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई हैं। यह वीडियो फर्जी आरटीओ बनकर अवैध वसूली करने वाले एक व्यक्ति से संबंधित है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया गया। इसमें धौलपुर बॉर्डर पर एक व्यक्ति खुद को फर्जी आरटीओ कर्मी बताकर एक ड्राइवर से जबरन अवैध वसूली कर रहा था। वीडियो में वह ड्राइवर को मारने की धमकी दे रहा था, अभद्र व्यवहार कर रहा था और गाली-गलौज करते हुए जबरन ‘एंट्री’ मांग रहा था। विभाग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की। जांच में पाया गया कि यह व्यक्ति न तो पुलिस से संबंधित है और न ही परिवहन विभाग का कर्मचारी है। यह व्यक्ति एक हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी है, जिस पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। विभाग ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 121, 308(2), 351(2) और 356(2) के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि विभाग की छवि धूमिल करने और अपने स्वार्थ साधने के लिए वाहन ड्राइवरों को परेशान करने वाले ऐसे लोागों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य करने या वीडियो वायरल करवाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *