दौसा शहर में गर्मी से पहले लगेंगे 20 ट्रांसफार्मर
भास्कर संवाददाता | दौसा जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से गर्मी से पहले दौसा शहर में 20 ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। ये ट्रांसफार्मर लगने के बाद शहर में कम वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या नहीं रहेगी। निगम की ओर से आरडीएसएस योजना के तहत 10 ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बिजली सिस्टम सुधार के तहत 10 ट्रांसफार्मर लगाने का प्रस्ताव है। गर्मी के दिनों में कई कॉलोनियों में बिजली वोल्टेज की समस्या को देखते हुए निगम की ओर से नए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह चिह्नित की है। जिन कॉलोनियों में कम वोल्टेज की समस्या है, वहां भी नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। ट्रांसफार्मर लगाने से बिजली लाइनें छोटी हो जाएंगी। इससे इन कॉलोनियों में बार-बार ट्रिपिंग की समस्या नहीं रहेगी। अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने से फाल्ट आने पर कम एरिया की ही बिजली बंद रह सकेगी। गौरतलब है कि ट्रांसफार्मरों पर लोड होने से आए दिन फाल्ट की समस्या रहती है। अब नए ट्रांसफार्मर रखने से गर्मी में समस्या से राहत मिल सकेगी। पुनीत अग्रवाल, एईएन, जयपुर डिस्कॉम दौसा ने बताया कि शहर में 40 ट्रांसफार्मर लगा दिए। अब गर्मी से पहले 20 ट्रांसफार्मर और लगाए जाएंगे। ये ट्रांसफार मार्च तक लगा दिए जाएंगे। इससे इन कॉलोनियों में अच्छे वोल्टेज मिल सकेंगे। इन कॉलोनियों में लगाए जाएंगे ट्रांसफार्मर : जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से ट्रांसफार्मरों पर लोड को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह चिह्नित की है। शहर में आगरा रोड प्रथम फीडर में बीचलवास रोड, सवाईभोज नगर, गिरिराज मंदिर के समीप, आगरा रोड द्वितीय फीडर में करणी नगर, सूरजपुरा रोड, गिरिराज कृपा नगर, सत्कार कॉलोनी, सोमनाथ नगर, फलसा वाले बालाजी के समीप, अशोक नगर विस्तार में ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
Source link

