डॉक्टर्स व पुलिस ने फर्जी एमएलसी रिपोर्ट बनाई:पीड़ित का आरोप-अजमेर में भर्ती था, लेकिन रिपोर्ट नसीराबाद में बनी, मामला दर्ज




नसीराबाद के सरकारी अस्पताल के दो डॉक्टर्स और दो पुलिस अधिकारियों पर मिलीभगत कर फर्जी मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) रिपोर्ट बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी ओर से दर्ज कराए गए मारपीट के मुकदमें में आरोपियों को लाभ पहुंचाने के लिए उसकी व उसकी मां की रिपोर्ट बनाई गई। सिटी थाना पुलिस ने कोर्ट इस्तगासे के जरिए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नागौरी मोहल्ला निवासी गिरीश गोविंदानी पुत्र हीरानंद ने राजकीय अस्पताल के तत्कालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित डिडवानिया और तत्कालीन प्रमुख चिकित्सा अधिकारी चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) और सिटी थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी घनश्याम मीणा और एएसआई अर्जुन सिंह को आरोपी बताया है। उसने बताया- गत 2 अप्रेल 2024 को उसके साथ मारपीट की गंभीर वारदात हुई थी। जिसमें उसके गंभीर चोटे आई थी व उसकी माता लक्ष्मी देवी भी घायल हुई थी। मारपीट की घटना के बाद सिटी थाना पुलिस उसे सुबह 9 बजे राजकीय अस्पताल लेकर गई थी। अस्पताल में उसके गम्भीर घाव पर टांके लगाने के बाद परिवादी की चोटों एवं चिकित्सकीय परीक्षण के बाद गम्भीर अवस्था में नसीराबाद से 9.55 बजे उसे जवाहर लाल नेहरू अस्पताल अजमेर के लिए रेफर कर दिया था। जिसके बाद उसे सुबह 10:47 बजे जेएलएन अस्पताल अजमेर में भर्ती किया गया था। लेकिन 2 अप्रेल को आरोपी चिकित्सा अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने मिलीभगत कर दोपहर 12:22 बजे उसके नाम से एमएलसी रिपोर्ट तैयार की गई तथा उसकी माता लक्ष्मी देवी की एमएलसी रिपोर्ट 3 अप्रेल को तैयार की गई। जबकि नसीराबाद अस्पताल में एमएलसी रिपोर्ट बनाने के समय दोपहर 12:22 बजे वह जेएलएन अस्पताल अजमेर में भर्ती थे और उनका उपचार वहां किया जा रहा था। गोविंदानी का आरोप है कि चिकित्सा अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने जानबूझकर चोटों का अपूर्ण, गलत और वास्तविकता से विपरीत विवरण एमएलसी रिपोर्ट में अंकित किया गया। आरोपियों ने जेएलएन अस्पताल में हुई जांचों एक्सरे, सीटी स्कैन, सोनोग्राफी, ईसीजी आदि को पूरी तरह नजरअंदाज करते हुए उसके अजमेर अस्पताल में भर्ती रहते नसीराबाद अस्पताल में उसकी एमएलसी रिपोर्ट बनाई गई। ऐसा नामजद आरोपियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और उसके केस को कमजोर करने की नीयत से किया। सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *