एक बीघा जमीन पर झगड़ा,जमकर लाठी-डंडे चले,VIDEO:3 घायल एक की हालात गंभीर,पीड़ित ने पुलिस पर भी लगाया मिलीभगत आरोप
![]()
अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित पुरोहित वाला कुआं इलाके में बुधवार सुबह जमीन विवाद को लेकर चाचा-ताऊ के परिवारों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। देखे घटना से जुड़े PHOTOS… घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घायलों में से शियाराम सैनी को गंभीर चोटें आने के बाद अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो घायलों प्रीति और सुनील सैनी को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घर भेज दिया। पीड़ित सुनील सैनी ने बताया कि उनके पिता के चाचा पप्पू सैनी अपने परिवार के करीब 10 से 12 लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले कहासुनी की और फिर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी, साथ ही पत्थर भी फेंके। हमले में शियाराम सैनी को गंभीर चोटें आईं, जबकि प्रीति और सुनील भी घायल हुए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवाद की जड़ एक बीघा जमीन है, जो उनके पूर्वजों द्वारा गोदनामे के जरिए उनके पिता को दी गई थी। उनका दावा है कि वे इस जमीन पर करीब 70 वर्षों से काबिज हैं और संबंधित गोदनामा उनके पास मौजूद है। आरोप लगाया गया कि आरोपी पक्ष जमीन हड़पने की नीयत से आए दिन झगड़ा करता है और बुधवार को भी पूर्व नियोजित तरीके से एक राय होकर हमला किया गया, जिसके लिए पहले से लोगों को बुला रखा था। वहीं गंभीर रूप से घायल शियाराम सैनी ने आरोप लगाया कि जब वे मालाखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जाते हैं तो वहां तैनात एक एएसआई आरोपियों से मिला हुआ है, जो उन्हें ही धमकाकर भगा देता है। शियाराम का कहना है कि एएसआई यह कहकर डराता है कि कितनी भी रिपोर्ट दे दो, सभी में एफआर (फाइनल रिपोर्ट) लगा दी जाएगी।
Source link

