1.4 करोड़ की चांदी पकड़ी, 2 तस्कर गिरफ्तार:मध्य प्रदेश से कार में सिल्लियां ला रहे थे, कोटा में खपाना चाहते थे
![]()
कोटा में पुलिस ने 49.43 किलोग्राम चांदी की सिल्लियों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त चांदी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए आंकी गई है। मामला कोटा ग्रामीण के कनवास थाना इलाके का मंगलवार दोपहर 1 बजे का है। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ इलाके से कोटा आ रहे थे। इनमें से एक व्यक्ति कोटा में चांदी का काम करता है। जब पुलिस ने इन लोगों से पूछा कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी कहां से लेकर आए और दस्तावेज क्या हैं? आरोपी डॉक्युमेंट नहीं दिखा पाए। उन्होंने चांदी को गरोठ से लाने की बात कबूली। वे कोटा में लाकर चांदी को खपाना चाह रहे थे, उससे पहले पकड़े गए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। कार में तलाशी के दौरान पकड़ी चांदी कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- मंगलवार को कनवास तिराहा मोरूकला पर नाकाबंदी के दौरान क्रेटा कार (MP-09-WN-6066) को रोका गया। तलाशी के दौरान कार से 49.43 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद की गई। चांदी चोरी की या किसी अपराध से संबंधित होने के संदेह में धारा 106 के तहत कार्रवाई की गई। मामले में गरोठ (मध्य प्रदेश) निवासी आशीष जैन और पीरुलाल माली को गिरफ्तार किया। जब्ती की सूचना आयकर विभाग और जीएसटी विभाग को दी गई है। चांदी की खरीद-फरोख्त को लेकर जांच जारी है। बढ़ती चांदी की कीमतों के चलते कीमती धातुओं की तस्करी के मामलों में इजाफा हो रहा है। इसे देखते हुए पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत विशेष अभियान चलाया है। एडिशनल एसपी रामकल्याण मीणा के निर्देशन और डीएसपी सागोद नरेंद्र जैन के सुपरविजन में कनवास थानाधिकारी अनूप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है।
Source link

