संप्रेषण गृह से फरार 9-नाबालिकों में से एक पकड़ा गया:8 अब भी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,अधीक्षक ने साधी चुप्पी




कोटा शहर के आरके पुरम थाना क्षेत्र स्थित संप्रेषण गृह से फरार हुए नाबालिक बाल अपचारियों के मामले में पुलिस को आंशिक सफलता मिली है। रविवार को रावतभाटा रोड स्थित संप्रेषण गृह से छत पर लगी लोहे की रॉड काटकर फरार हुए 9 नाबालिक बाल अपचारियों में से एक को आज रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने दस्तयाब कर लिया है। पकड़े गए नाबालिक को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे पुनः बाल सुधार गृह भेज दिया गया। हालांकि, अभी भी 8 नाबालिक बाल अपचारी फरार हैं। आरके पुरम थाना अधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि संप्रेषण गृह प्रशासन की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद से पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। सभी फरार नाबालिकों की संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है और उनकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही शेष बाल अपचारियों को भी दस्तयाब कर लिया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर संप्रेषण गृह के अधीक्षक निशांत का रवैया सवालों के घेरे में है। अधीक्षक ने अब तक मामले पर चुप्पी साध रखी है और मीडिया को किसी भी प्रकार की जानकारी देने से बच रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जनवरी माह में भी दो नाबालिक बाल अपचारी संप्रेषण गृह से फरार हो चुके थे, लेकिन उस समय भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। तब केवल दो सुरक्षा गार्ड हटाए गए थे, जबकि अब दोबारा रात की ड्यूटी में तैनात कर्मियों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस घटना ने संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *