नयापुरा मुक्तिधाम में फिर चोरी:तीसरे दिन की रस्म से पहले अस्थियां गायब




कोटा के नयापुरा स्थित मुक्तिधाम से लगातार हो रही अस्थि चोरी की वारदातों ने लोगों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। एक बार फिर मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी होने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बृजराज कॉलोनी निवासी 73 वर्षीय शंभूदयाल का रविवार को निधन हो गया था। आज परिजन तीसरे दिन की रस्मों के लिए नयापुरा मुक्तिधाम पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि मृतक की अस्थियां गायब हैं। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। जनवरी महीने में ही तीन से चार बार मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी होने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना की सूचना मिलने पर नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित परिवारों और स्थानीय लोगों ने पहले भी नगर निगम को ज्ञापन सौंपकर मुक्तिधाम में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की थी, ताकि इस तरह की अमानवीय घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लोगों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *