ट्रैक्टर में निकाल साढ़े पांच फीट लंबा कोबरा सांप:गांव से मंडी में अनाज बेचने आया था किसान, स्नेक कैचर ने किया सुरक्षित रेस्क्यू




कोटा के भामाशाह अनाज मंडी में ग्रामीण क्षेत्र कैथून के जाखोड़ा गांव से धान की फसल लेकर आए एक किसान के ट्रैक्टर के बोनट से करीब साढ़े पांच फीट लंबा ब्लैक कोबरा प्रजाति का सांप निकल आया। ट्रैक्टर में सांप की मौजूदगी की खबर फैलते ही मंडी परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। एहतियात के तौर पर किसान ने ट्रैक्टर का बोनट खोलकर रख दिया, लेकिन काफी देर तक सांप बाहर नहीं निकला। स्थिति को देखते हुए स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोविंद शर्मा भामाशाह अनाज मंडी पहुंचे और कुछ ही मिनटों में ट्रैक्टर के बोनट में छिपे ब्लैक कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के दौरान लोगों की भीड़ को दूर रखा गया, ताकि सांप और किसी को नुकसान न पहुंचे। स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि मंडी से सूचना मिली थी कि ट्रैक्टर के बोनट में ब्लैक कोबरा मौजूद है और वहां काफी भीड़ होने के कारण सांप बाहर नहीं आ रहा था। मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया गया और सांप को लाडपुरा क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को भी दी गई। किसान ने बताया कि वह सुबह अपने गांव जाखोड़ा से धान की फसल बेचने कोटा आया था। दोपहर बाद किसी व्यक्ति ने ट्रैक्टर में सांप देखे जाने की सूचना दी। अनुमान है कि सांप मंडी परिसर से ही ट्रैक्टर में चढ़ गया होगा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *