कॉलेज संचालक से 2 करोड़ की फिरौती मांगने वाला पकड़ा:रोहित गोदारा गैंग का नाम लेकर धमकी दी; कहा- समझौता कर ले, अंजाम बुरा होगा
![]()
राजस्थान में अपराध और गैंगस्टर्स के खिलाफ जारी अभियान के तहत झुंझुनू पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात रोहित गोदारा गैंग के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है, जिसने पिलानी के एक कॉलेज संचालक को जान से मारने की धमकी देकर 2 करोड़ फिरौती की मांग की थी। बोला- तेरे परिवार को ठेकेदार बना देंगे 14 सितंबर 2025 को पिलानी स्थित कॉलेज के संचालक संजीव कुमार को विदेशी नंबरों से लगातार कॉल आ रहे थे। 24 सितंबर को जब पीड़ित ने कॉल उठाया, तो दूसरी तरफ से आए व्यक्ति ने कहा— मैं रोहित गोदारा ग्रुप से बोल रहा हूं। इतना सुनते ही पीड़ित ने कॉल काट दिया, जिसके बाद गैंग की ओर से व्हाट्सएप पर वॉइस रिकॉर्डिंग और धमकी भरे संदेश भेजे गए। व्हाट्सएप पर रिकॉर्डिंग भेजकर कहा गया कि भाई रोहित गोदारा का मैसेज है, 2 करोड़ रुपये की फिरौती देनी होगी। 26 सितंबर को दोबारा मैसेज आया, जिसमें लिखा था— जल्द ही तेरे को या तेरे परिवार को ठेकेदार (गैंगस्टर की भाषा में हत्या) बना दूंगा। अपराधियों ने चैट पर लिखा कि “कॉल उठा लेना और समझौता कर लेना, वरना अंजाम बुरा होगा। अगर तुम मर जाओगे तो हमें 20-25 और देने वाले मिल जाएंगे। चूरू से किया गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पिलानी थानाधिकारी चन्द्रभान ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया इनपुट के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी और कड़ी पूछताछ के बाद गैंग के सक्रिय गुर्गे विकास उर्फ दुबे को धर दबोचा। आरोपी विकास उर्फ दुबे (उम्र 21) पुत्र सुंदरपाल धानक निवासी डिंगली, थाना हमीरवास, जिला चूरू को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में रोहित गोदारा गैंग के कुछ अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Source link

