16 वर्षीय बालिका ने रुकवाया अपना बाल विवाह:चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत मिली, बाल कल्याण समिति और पुलिस ने की कार्रवाई
![]()
तालेड़ा थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय बालिका ने अपना बाल विवाह रुकवा दिया। बालिका ने बाल कल्याण समिति को सूचना देकर इस प्रस्तावित विवाह को रोका। बालिका ओपन स्कूल से 12वीं कक्षा में अध्ययनरत है। उसका विवाह भीलवाड़ा जिले के एक 20 वर्षीय युवक से 10 फरवरी 2026 को तय किया गया था। जब बालिका के माता-पिता को समिति को सूचना दिए जाने की जानकारी मिली, तो उन्होंने उसे अन्य स्थान पर भेजकर 9 फरवरी 2026 को ही विवाह करवाने का निर्णय लिया। इस संबंध में बाल कल्याण समिति ने तत्काल संज्ञान लिया। चाइल्डलाइन और पुलिस के सहयोग से बालिका को सुरक्षित तलाश कर संरक्षण में लिया गया। उसे विवाह की निर्धारित तिथि तक एक सुरक्षित गृह में प्रवेश दिलवाया गया। बाल कल्याण समिति ने समाज के सभी नागरिकों और अभिभावकों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग करने की अपील की है। समिति ने बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर देने तथा कानून का सम्मान करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने का आग्रह किया। समिति ने किसी भी बाल विवाह की सूचना तुरंत चाइल्डलाइन 1098 या प्रशासन को देने का आह्वान किया है। बाल कल्याण समिति, बूंदी ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत का निर्माण तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्ग इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं और बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।
Source link

