12 दिन में चौथा विक्षोभ:अधिकांश शहरों में रात का पारा 10 डिग्री के ऊपर, दिन-रात का पारा 3 डिग्री बढ़ा, आज से 4 संभागों में बारिश
![]()
प्रदेश में रविवार को अधिकतर स्थानों पर बादल छाए रहे। साथ ही अजमेर, वनस्थली, सीकर, संगरिया सहित कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। कोटा के डोलिया गांव, चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा व बारां के मुंडियर सहित कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। बीती रात राजधानी जयपुर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम में बदलाव के बावजूद रविवार को दिन और रात के तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 4 शहरों को छोड़कर सभी शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। पाली में न्यूनतम तापमान 8.3, लूणकरणसर में 7.7, गंगानगर में 9.7 और अलवर में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में दिन का तापमान 25.2 और रात का 14.0 डिग्री रहा। वहीं, घने कोहरे के कारण भीलवाड़ा के मांडलर में रविवार सुबह बस बेकाबू होकर पलट गई। बस गुजरात के बारडोली से आसींद की ओर जा रही थी। सभी यात्री बाल-बाल बच गए। फसलों को नुकसान – ओले से प्रदेश में चना, धनिया, सरसों, मक्का और गेहूं की बालियां टूट गईं। तेज हवा से फसलें खेत में गिर गई हैं। प्रदेश में पहला पश्चिमी विक्षोभ 22 जनवरी, दूसरा 26 जनवरी, तीसरा 31 जनवरी को सक्रिय हुआ था। अब बैक-टू-बैक चौथा पश्चिमी विक्षोभ 2 फरवरी को सक्रिय होगा। मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद फरवरी के दूसरे सप्ताह में भी बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिससे मौसम बदलेगा। 4 तक बारिश और ओले का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार आज से पूर्वी राजस्थान के कोटा, जयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश होगी। इसका असर 3-4 फरवरी को भी रहने की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी व दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत शुष्क रहने की संभावना है।
Source link

