सिर्फ आंकड़ों का नहीं, देश का रोडमैप है बजट:सहकारिता मंत्री गौतम दक बोले -पर्यटन सेक्टर से खुलेगा युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता




सहकारिता मंत्री गौतम दक ने रविवार को केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 की सोच को सामने रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऐसा बजट पेश किया है, जिसमें देश के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। युवाओं, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग सभी को साथ लेकर चलने की स्पष्ट मंशा इस बजट में दिखाई देती है। मंत्री ने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों का डॉक्यूमेंट्स नहीं है, बल्कि देश को आगे बढ़ाने का रोडमैप है, जो आने वाले सालों में भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाएगा। महिलाओं, युवाओं, किसानों सहित हर वर्ग के लिए है बजट गौतम दक ने कहा कि इस बजट में विकास पर खास जोर दिया गया है। महिलाओं के सशक्तिकरण से लेकर युवाओं के रोजगार, किसानों की फसलों और मध्यम वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संतुलित प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि समाज का कोई भी वर्ग विकास की दौड़ में पीछे न रहे। बजट में शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कदम इसी सोच को दर्शाते हैं। मंत्री ने कहा कि हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला यह बजट देश की आर्थिक और सामाजिक मजबूती को और बढ़ाएगा। हर जिले में बनाए जाएंगे महिला हॉस्टल सहकारिता मंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों की सराहना की। उन्होंने बताया कि हर जिले के मुख्यालय पर महिला हॉस्टल बनाने का प्रोविजन किया गया है। इसके लिए सरकार ने करीब 10 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा है। यह योजना केवल कुछ चुनिंदा जिलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे देश में लागू होगी। इससे पढ़ाई और रोजगार के लिए बाहर जाने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ आवास मिलेगा। मंत्री ने कहा कि यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ी सौगात है। पर्यटन के क्षेत्र को दिया जाएगा बढ़ावा युवाओं के लिए बजट में रोजगार और कौशल विकास पर भी खास ध्यान दिया गया है। गौतम दक ने बताया कि एमएसएमई सेक्टर में ग्रोथ फंड के रूप में 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे नए युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही पर्यटन क्षेत्र में युवाओं को आईएचएम जैसी संस्थाओं से प्रशिक्षण देकर गाइड और केयरटेकर के रूप में तैयार किया जाएगा। करीब डेढ़ लाख नए केयरटेकर और एक लाख महिलाओं को प्रशिक्षण देने की योजना है, जिससे रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। फसलों की गिरदावरी करवाकर सरकार देंगी मुआवजा जिले में रविवार रात को हुई बारिश के बाद मंत्री ने कहा कि यह बजट फसलों के लिए अमृत के समान है। उन्होंने बताया कि किसानों को सिंचाई से जुड़ी राहत मिलेगी और अगर कहीं फसलों को नुकसान होता है, तो सरकार गिरदावरी कराकर मुआवजा देगी। पिछली बार भी जहां नुकसान हुआ था, वहां किसानों को राहत दी गई थी। उन्होंने कहा कि हाल की बारिश या ओलावृष्टि से यदि फसल खराब हुई है, तो उसकी जांच कर उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, बीजेपी जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, जिला कलेक्टर आलोक रंजन, ADM प्रशासन प्रभा गौतम, जिला परिषद CEO विनय पाठक, SDM चित्तौड़गढ़ बीनू देवल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *