सरमथुरा में लेपर्ड और शावक का मूवमेंट:नदी किनारे आए नजर, लोगों में भय का माहौल, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
![]()
धौलपुर जिले के सरमथुरा क्षेत्र में रविवार शाम एक लेपर्ड अपने शावक के साथ देखा गया। यह घटना डोमई गांव के नजदीक नदी किनारे शाम करीब 7:30 बजे हुई, जिसके बाद ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई। सरमथुरा कस्बे के निवासी राजा तिवारी ने बताया कि रविवार शाम नदी के पास अचानक लेपर्ड और उसका बच्चा दिखाई दिया। इस खबर के फैलते ही आसपास के ग्रामीण सतर्क हो गए और एक-दूसरे को सूचित कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। ग्रामीणों ने एहतियातन बच्चों और पशुओं को घरों में ही रखने की अपील की है। ग्रामीणों की चिंता बढ़ी
यह क्षेत्र वन्य क्षेत्र से सटा हुआ है, जिसके कारण पहले भी जंगली जानवरों की आवाजाही देखी गई है। हालांकि लेपर्ड के शावक के साथ दिखाई देने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि ऐसे में लेपर्ड के आक्रामक होने की आशंका रहती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके साथ ही, गांव के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाने और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई गई है।
वन विभाग को सूचना दिए जाने के बाद विभागीय अधिकारी मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। फिलहाल, ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले नदी व जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।
Source link

