शुरू किया तो चुस्त-दुरुस्त,जवान दिखते अब थोड़े उम्रदराज:वसुंधरा राजे ने विधायक को कहा-आप बरगद की तरह फैल गए,अब बाकी लोगों को फैलने की जरूरत




राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का आज बीकानेर जाते समय सीकर के भाजपा कार्यालय में स्वागत हुआ। इस दौरान वसुंधरा राजे ने मंच को भी संबोधित किया। मंच को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने कहा कि जब हमने शुरू किया था चुस्त-दुरुस्त दिखते थे लेकिन अब थोड़े उम्रदराज दिखने लगे हैं। धोद विधानसभा से विधायक गोरधन वर्मा को कहा कि आप बरगद की तरह फैल गए हो। अब बाकी लोगों को फैलने की जरूरत है। वसुंधरा राजे ने स्वागत के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज मुझे यहां पर काफी लोगों से मिलने का मौका मिला। इनमें कई पूर्व सरपंच भी हैं, कोई 4 तो कोई 2 और कोई 1 बार सरपंच रहा। मेरे साथ रात को 2-2 बजे तक पार्टी के लिए काम करने वाली महिला कार्यकर्ताओं से मिलने का मौका मिला। वसुंधरा राजे ने कहा कि मंच पर बैठे कईयों की शक्ल बदल चुकी है। जब शुरू किया था तब तो बिल्कुल चुस्त-दुरुस्त,जवान दिखते थे अब थोड़े उम्रदराज भी दिखते हैं। मंच वालों की ही नहीं यह सब की ही स्थिति है। वसुंधरा राजे ने कहा कि जब हम लोग धोद विधानसभा के लिए लड़ा करते थे तब सोचते थे कि कैसे जीतेंगे,कैसे जिताएंगे? अब तो विधायक गोरधन वर्मा ऐसे फैल गए जैसे बरगद का पेड़ फैल जाता है। उसके पीछे कुछ नहीं हो सकता है। अब वहां पर कांग्रेस,कॉमरेड पार्टी दिखाई नहीं देती है। इसके लिए मैं विधायक को धन्यवाद देती हूं। ऐसा काम केवल एक-दो साल में नहीं हो सकता था। लेकिन विधायक गोरधन वर्मा ने इसे पूरा कर दिया। अब बाकी लोगों को फैलने की जरूरत है। वहां जाइए जहां पर जरूरत है। जब धोद वालों ने इतना सफाया कर दिया तो हम भी तो कर सकते हैं। इनमें ऐसे कौन से गुण हैं जो दूसरे लोगों को नहीं बता सकते। वसुंधरा राजे ने सीकर के बीजेपी ऑफिस बिल्डिंग की तारीफ करते हुए कहा कि काफी बेहतरीन इंटीरियर और अच्छी जगह इस ऑफिस को बनाया गया है। वरना पहले तो ऐसा होता था पार्टी के जिस भी आदमी के घर पर जगह मिल जाती वहीं पर पार्टी का काम शुरू कर देते थे।वसुंधरा राजे ने कहा कि शेखावाटी वह जगह है जहां के जवानों के पीछे तो पूरी-पूरी सेना है। मंच को संबोधित करने के बाद वसुंधरा राजे ने सीकर से विधानसभा चुनाव 2023 में प्रत्याशी रतनलाल जलधारी से बातचीत की। इसी दौरान उनके चुनाव की बात हुई तो वसुंधरा राजे ने कहा कि इस बार उनका बेडलक रहा कि चुनाव हार गए। कार्यक्रम में धोद विधायक गोरधन वर्मा ने रतनलाल जलधारी के पोते यश का जिक्र करते हुए उन्हें बताया कि अभी जिन्होंने आपको 51 किलो की माला पहनाई उनमें रतन जलधारी का पोता यश था। तब वसुंधरा राजे ने मजाकिया अंदाज में जलधारी को कहा कि -आप घर जाओ और आराम करो। फिर वसुंधरा राजे ने कहा कि मुझे भी राजमाता ने कहा था कि मुझे विदाई मत दो,बैठाओ मत।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *