धौलपुर कलेक्ट्रेट पर फूटा लोगों का आक्रोश:जलभराव से परेशान होकर किया प्रदर्शन, नगर परिषद के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
![]()
धौलपुर में खोसला विहार कॉलोनी और हुंडावाल नगर के निवासियों ने जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और नगर परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “नाला दो या जेल दो” जैसे नारे लगाए गए, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा। इस विरोध प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल थे। निवासियों ने बताया कि कॉलोनियों में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी सड़कों और घरों के सामने जमा रहता है, जिससे आवागमन में बाधा आती है। शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, जलभराव के कारण कॉलोनियों में अक्सर विवाद होते रहते हैं। गंदगी और बदबू से घरों में रहना मुश्किल हो गया है, और मच्छरों के प्रकोप से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर परिषद ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन के बाद, लोगों ने कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कराने और समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट पर हुए इस प्रदर्शन के बाद, प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कॉलोनीवासी अब जलभराव की समस्या से राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
Source link

