केंद्र का बजट:भाजपा ने कहा- हर परिवार, सेक्टर को संसाधन और अवसर देने वाला बजट, कांग्रेस- निराश करने वाला दिशाहीन और भ्रमित करने वाला बजट
![]()
केंद्र के बजट को भाजपा ने हर परिवार, समुदाय, क्षेत्र व हर सेक्टर को संधान और अवसर देने वाला बताया है तो कांग्रेस ने इसे निराश करने वाला दिशाहीन व भ्रमित करने वाला बताया है। भाजपा ने इसे लंबे समय के लिए दिशा देने और स्थायित्व देने वाला बजट करार दिया ह
.
डोटासरा ने कहा- राजस्थान को कोई पैकेज नहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- बजट निराश करने वाला है। इसमें राजस्थान के विकास के लिए कोई प्रावधान और घोषणा नहीं है। न कोई योजना है न विशेष पैकेज की घोषणा है। ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं किया गया। जल जीवन मिशन में कोई विशेष पैकेज नहीं दिया। यह प्रदेश के साथ सौतेले व्यवहार है।
पायलट ने कहा- नहीं बढ़ा राज्य का हिस्सा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने बजट को दिशाहीन एवं भ्रमित करने वाला बताया। एक तरफ केंद्र सरकार ने केंद्रीय टैक्स में राज्यों का हिस्सा 41 प्रतिशत ही बरकरार रखा है वहीं ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में राज्यों के 40 प्रतिशत हिस्से के लिए कोई रास्ता नहीं निकाला है। राज्यों की हिस्सेदारी 45 प्रतिशत की जानी चाहिए थी।
जूली ने कहा- बाजार की स्थिरता पर घातक नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बजट को दिशाहीन और जनविरोधी बताया। कहा कि यह बजट बाजार की स्थिरता के लिए भी घातक साबित हुआ है। बजट में डॉलर के मुकाबले लगातार गिरते रुपए को मजबूत करने की कोई ठोस कार्ययोजना नहीं दिखी। आसमान छूती महंगाई को नियंत्रित करने के कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए।
गहलोत ने कहा- प्रदेश के साथ सौतेलापन पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा-राजस्थान का बजट भाषण में कोई मेंशन न होना प्रदेश के साथ हो रहे सौतेलेपन की झलक है। ईआरसीपी को लेकर कोई जिक्र नहीं हुआ, न ही राजस्थान में किसी नई रेलवे परियोजना या मेट्रो प्रोजेक्ट की घोषणा हुई।
लोक-लुभावनी घोषणाओं की जगह राष्ट्र निर्माण का महत्व वाला बजट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। लोक-लुभावनी घोषणाओं के स्थान पर राष्ट्र निर्माण की मूल भावना को महत्व दिया है। इसमें आधारभूत ढांचे के सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, ग्रामीण समृद्धि को एक समग्र दृष्टिकोण के साथ जोड़ा गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि यह बजट भारत की इकोनॉमी और रोजगार को गति देने वाला है। हर जन के सपनों को पंख लगाने वाला है। जिसकी भावना है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास।
डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सर्व समावेशी केंद्रीय बजट 2026-27, देश के हर वर्ग के सशक्तिकरण और समग्र विकास का मजबूत आधार प्रस्तुत करता है। यह बजट विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उद्योग मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि बजट ने सिस्टम के सुधारों को प्रोत्साहित किया है जो उद्योग के विस्तार, निवेश आकर्षण तथा वैल्यू चेन मजबूती को गति देंगे। बजट भारत की अर्थव्यवस्था में स्थिरता लाने वाला होगा, इसमें घरेलू निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
इन्होंने बताया अच्छा
राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ.अरुण चतुर्वेदी, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, पार्टी के हरियाणा प्रभारी व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, महामंत्री कैलाश मेघवाल, सांसद मंजू शर्मा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जलसंसाधन मंत्री सुरेशसिंह रावत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, विधायक कालीचरण सराफ, विधायक बाल मुकुंदाचार्य, विधायक गोपाल शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता पंकज मीणा व सूरज सोनी ने बजट को बेहतर परिणाम देने वाला बताया।

