अपराध की फिराक में घूम रहे थे आरोपी:अवैध हथियार के साथ 4 शातिर आरोपी गिरफ्तार; एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और स्विफ्ट कार जब्त




जयपुर ईस्ट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर आरोपियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रशान्त बघेल (21), पवन फोजदार (21), सौरभ शर्मा(23) और विष्णु बघेल (27) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी कट्टा मय एक जिंदा कारतूस बरामद किया, साथ ही वारदात में काम ली गई स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया। डीसीपी ईस्ट संजीव नैन ने बताया कि आरोपी रॉयल पैलेस होटल, जगतपुरा फाटक के पास रुके हुए थे। वहां से चेकआउट करने के बाद वे अपराध करने की नीयत से इलाके में घूम रहे थे। आरोपियों का इरादा लूट और अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने का था, लेकिन मौके की तलाश में भटकते रहे। मौका नहीं मिलने पर वे हथियार को अपने साथी सौरभ को बेचकर रुपए लेकर भरतपुर जाने की योजना बना रहे थे। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी प्रशान्त बघेल ने बताया कि उसने यह अवैध देशी कट्टा और कारतूस कपिल पुत्र सतीश सिंह निवासी छपेटी मोहल्ला, थाना मुरसान, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) से खरीदा था। पुलिस के अनुसार, उक्त कपिल के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, मारपीट और लूट के कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी फिरौती, रंजिश अथवा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे या नहीं। थाना सांगानेर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *