लोहा मंडी रोड बना एक्सीडेंट जोन:सर्विस लेन पर अंधाधुंध दौड़ाई कार, पैदल घूम रहे दुकानदार व युवक को कुचला, मौत
![]()
हरमाड़ा लोहा मंडी रोड एक्सीडेंट जोन बनता जा रहा है। 3 माह में दूसरी बड़ी दुर्घटना ने फिर दो परिवारों को उजाड़ दिया। शनिवार रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पैदल जा रहे दो युवकों को टक्कर मार दी। सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार दोपहर कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे दिए गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ने कार लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेजा कार से टकरा गया। इसके बाद कार सवार दोनों युवक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। दोनों उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 10:30 बजे लोहा मंडी स्थित बालाजी धर्मकांटे के पास हुआ। मृतकों की पहचान बिरदीचंद शर्मा (44) निवासी भीलपुरा कालाडेरा हाल लोहामंडी और राहुल मीणा (20) निवासी मीणा मोहल्ला माचड़ा-हरमाड़ा के रूप में हुई। बिरदीचंद घटनास्थल के सामने मिठाई की दुकान चलाते थे। शनिवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। राहुल का मकान दुकान के सामने ही है। वह खाना खाने के बाद बाहर टहलने निकला था। बिरदीचंद ने आवाज देकर राहुल को बुला लिया और दोनों सर्विस लेन पर बातचीत करते हुए पैदल चल रहे थे। तभी नींदड़ मोड़ की ओर से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आई और दोनों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। लोंगों का प्रदर्शन: बोले- कार में मादक पदार्थों की तस्करी होती है
पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर करीब 2 बजे परिजन और स्थानीय लोग शव लेकर घटनास्थल पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सड़क पर लकड़ी-टायर जलाकर जाम लगा दिया। उनका आरोप है कि इस कार में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी हो रही थी और दुर्घटना के बाद चालक के परिजन उसे भगा ले गए। 1 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद थानाधिकारी उदय सिंह यादव पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाम खुलवाया। राहुल के भाई सूरज मीणा ने कार चालक के खिलाफ तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कराया है। राहुल की 8 माह पहले शादी हुई थी, पिता-दादा की भी हो चुकी मौत
20 वर्षीय राहुल मीणा की शादी महज आठ महीने पहले ही हुई थी। परिवार अभी उसकी नई जिंदगी की खुशियां मना ही रहा था कि हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। वर्ष 2022 में राहुल के पिता महेश मीणा की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी। इससे पहले उसके दादा की भी सड़क हादसे में जान चली गई थी। अब परिवार में सिर्फ छोटा भाई सूरज बचा है, जो अभी स्कूल में पढ़ता है। राहुल ही घर की सबसे बड़ी उम्मीद था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले के लोग उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं।
Source link

