सरकारी टीचर के सूने मकान से लाखों के जेवर चोरी:सीसीटीवी में दिखा चोर;बैग में भर ले गया सारा सामान
![]()
अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के मदनपुरी रोड रूपबास स्थित शिव नगर में अज्ञात चोरों ने एक सरकारी टीचर के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना 20 जनवरी की रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोर दीवार कूदकर मकान में दाखिल हुए। चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। कॉलोनी के एक पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर की तस्वीर भी कैद हुई है। फुटेज में चोर पहले हाथ में ताला तोड़ने का औजार लेकर जाता हुआ दिखाई देता है, जबकि कुछ देर बाद एक बैग में सामान भरकर वापस लौटता नजर आ रहा है। पीड़ित सरकारी टीचर के पति हरिराम मीणा ने बताया कि वह प्राइवेट बस चलाते हैं। उनकी पत्नी की ड्यूटी चित्तौड़गढ़ में है, बेटा आर्मी में तैनात है और बेटी की शादी हो चुकी है। वे अकेले ही घर पर रहते हैं। घटना वाले दिन वे बस की बुकिंग लेकर राजगढ़ की ओर गए थे और रात में कांदोली बाईपास के पास रुके थे। सुबह जब घर लौटे तो देखा कि मकान के सभी ताले टूटे पड़े थे और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी की जांच करने पर पता चला कि वहां से करीब 4 तोले का सोने का हार, 1 तोले की सोने की चेन, कानों की सोने की टॉप्स, एक सोने की अंगूठी, एक चांदी की अंगूठी, तीन जोड़ी पाजेब व चुटकी तथा करीब 500 ग्राम की चांदी की कंकती चोरी हो चुकी है। परिवादी के अनुसार चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। फिलहाल अरावली विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है
Source link

