बारां में 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, डम्पर और पोकलेन मशीन जब्त:एक में भरी थी काली बजरी, दूसरी में मैसनरी स्टोन
![]()
बारां में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ कोटा माइनिंग विजिलेंस टीम ने गुरुवार को सघन अभियान चलाया। एडीएम कोटा के निर्देशन में माइन्स फोरमैन निकिता जैन के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में विभिन्न स्थानों पर छापे मारकर 4 लाख 8 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। पहली कार्रवाई बारां-किशनगंज हाईवे पर हुई, जहां काली बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। ड्राइवर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर 1 लाख 28 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। जुर्माना मौके पर जमा न होने के कारण वाहन को सदर बारां पुलिस थाने को सौंपा गया। जुर्माना जमा करवाने पर छोड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली
दूसरी कार्रवाई अटरू रोड पर की गई, जहां मैसनरी स्टोन से भरी एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। इस वाहन पर 26 हजार 800 रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिसे मौके पर जमा करवाने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ दिया गया। इन दोनों मामलों में कुल 1 लाख 54 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया। नारेड़ा में डम्पर, पोकलेन मशीन की जब्त
शाम के समय माइनिंग टीम ने सदर थाना क्षेत्र के नारेड़ा गांव में भी कार्रवाई की। यहां चरागाह भूमि पर अवैध मिट्टी खनन करते हुए एक डंपर और एक पोकलेन मशीन जब्त की गई। इस प्रकरण में टीम ने करीब 2 लाख 53 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। राजकार्य में बाधा डालने की कोशिश
माइन्स फोरमैन निकिता जैन ने बताया कि नारेड़ा गांव में सड़क निर्माण के लिए अवैध मिट्टी खनन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति, जिसने खुद को सरपंच बताया, अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। उन्होंने टीम से कहासुनी की और रास्ते में वाहन खड़ा कर राजकार्य में बाधा डालने का प्रयास किया।
खननकर्ताओं ने जब्त किए गए डम्पर के तार भी काट दिए, ताकि टीम उसे थाने न ले जा सके। इसके बाद देर रात तक टीम जब्तशुदा डम्पर को थाने तक ले जाने के लिए उसे ठीक करवाने के प्रयास में जुटी रही।
Source link

