मौसम बदला, हल्का कोहरा, बादल छाए
![]()
जिले में आज फिर मौसम बदल गया। सुबह हल्का कोहरा, हल्के बादल छाए रहे।
टोंक में रविवार सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्का कोहरा नजर आया। कोहरे के कारण सुबह के समय वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर ड्राइविंग करनी पड़ी। दुपहिया वाहन चालकों को भी दृश्यता कम होने से परेशानी का सामना करना पड़ा।
.
रातभर बादल छाए रहने से बढ़ा तापमान
बीती रात से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक ही रात में तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, बादलों की मौजूदगी के चलते आज अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट के आसार हैं। आज अधिकतम तापमान 24 घंटे में करीब 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इस साल कम दिनों तक रही कड़ाके की सर्दी
इस साल मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। कड़ाके की सर्दी का असर भी इस बार कुछ ही दिनों तक सीमित रहा। जिले में तेज सर्दी का दौर सिर्फ 1 जनवरी से 6 जनवरी तक ही रहा। जबकि पिछले वर्षों में दिसंबर से जनवरी के अंत तक घना कोहरा और शीतलहर का असर बना रहता था।
आमतौर पर इस दौरान 3 से 4 बार मावठ भी होती थी, लेकिन इस बार न तो लंबे समय तक सर्दी पड़ी और न ही घना कोहरा ज्यादा दिनों तक छाया रहा।
बारिश हुई तो फसलों के लिए फायदेमंद
रविवार को फिर बदले मौसम के बीच हल्के बादल छाए हुए हैं। यदि इस बदले मौसम के चलते मावठ होती है तो यह सभी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी।
हालांकि बारिश नहीं होने पर ज्यादा नुकसान नहीं है, लेकिन यदि धूप में तेजी आती है तो सरसों की फसल पर मोयला रोग का खतरा बढ़ जाएगा। इससे जिले के करीब दो-तिहाई क्षेत्र में बोई गई सरसों की फसल की पैदावार प्रभावित हो सकती है।

