The densest fog of the season, the second time in four days, the cold has reached 18.9 degrees. | सीजन का सबसे घना कोहरा, 4 दिन में दूसरी बार 18.9 डिग्री ठंड की गिरफ्त – Udaipur News
![]()
शहर में शनिवार की सुबह सीजन का सबसे घना कोहरा छाया। इसका कोहराम सुबह 10 बजे तक रहा। फिर धूप निकली। हालांकि 11 बजे तक पहाड़ियों पर धुंधलका छाया रहा। विजिबिलिटी (दृश्यता) महज 30 मीटर से भी कम रही। इसके चलते उदयपुर से दिल्ली आने और जाने वाले दो उड़ानें रद
.
अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री गिरकर 18.9 और न्यूनतम 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर ठंड का असर महसूस किया गया। दोपहर में कुछ समय के लिए बादल भी छाए रहे। इससे पहले घने कोहरे के चलते डबोक एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की दो उड़ानें निरस्त कर दी गईं।
विमान संख्या 6ई 6387, जो दिल्ली से सुबह 6:15 बजे रवाना होकर 7:40 बजे उदयपुर पहुंचती है और विमान संख्या 6ई 2163, जो उदयपुर से सुबह 8:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है, कैंसिल रहीं। नजारा धुंधलाने के कारण सुबह से दिन चढ़ने तक लोग वाहनों की लाइट जलाकर चलते नजर आए।
आगे : दो दिन और कोहरा, फिर मावठ
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा के अनुसार उत्तरी शीत हवाओं के प्रभाव से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट और कोहरे की स्थिति बनी हुई है। शनिवार को उदयपुर में सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया। ठंडे धरातल के संपर्क में आने पर नमी युक्त हवाओं के तापमान में गिरावट (तापमान विलोमता) के कारण दिनभर हल्का कोहरा बना रहा।
अगले दो दिनों तक कोहरे की यह स्थिति रह सकती है। पाकिस्तान और अरब सागर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दो से तीन दिनों में मावठ (हल्की बारिश) की संभावना भी है। इसके साथ ही अगले चार-पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की भी संभावना है।

