MLA Bihani held a meeting regarding SIR. | एसआईआर को लेकर विधायक बिहाणी ने ली बैठक – Sriganganagar News
![]()
भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर
.
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर शुक्रवार को विधायक जयदीप बिहाणी ने विधायक सेवा केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक का आयोजन संगठन सशक्तिकरण पखवाड़े के तहत किया गया। इसमें मतदाता सूची के शुद्धिकरण और पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक बिहाणी ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाहरी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इनमें बिहार सहित अन्य राज्यों में मतदान करने वाले डबल वोटर भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्राथमिक लक्ष्य नई मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित, विश्वसनीय और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। यह प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने एसआईआर अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। बैठक में श्याम धारीवाल, सतपाल कासनिया, मनीष प्रजापत, राजेंद्र छाबड़ा सहित निवर्तमान व भावी पार्षद और बूथ लेवल एजेंट-2 मौजूद रहे।

