Chittorgarh is experiencing severe cold | चित्तौड़गढ़ में ठंड का असर तेज: ठंडी हवाओं से गलन महसूस, मौसम विभाग ने आगे और ठंड बढ़ने की जताई संभावना – Chittorgarh News
चित्तौड़गढ़ में पिछले दो दिनों से ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह से रात तक सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। आसमान में बादल छाए रहने से धूप नहीं निकल पा रही है, जिससे दिन में भी ठंड और गलन का अहसास बना हुआ है। मौसम विभाग ने
.
गुरुवार सुबह ठंडी हवाओं के साथ हुई दिन की शुरुआत
गुरुवार सुबह चित्तौड़गढ़ में दिन की शुरुआत तेज और ठंडी हवाओं के साथ हुई। सुबह से ही हवा में ठंडक महसूस की गई, जिससे लोग गर्म कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकले। हालांकि आज सुबह शहर में कोहरे का असर नहीं देखा गया, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर ज्यादा महसूस हुआ। पिछले तीन से चार दिनों से आसमान में लगातार बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम में नमी और ठंड दोनों बनी हुई हैं। धूप नहीं निकलने के कारण दिन का तापमान भी सामान्य से कम बना हुआ है।

800 मीटर ऊपर से ड्रोन वीडियो लिया हुआ है, इसमें चित्तौड़गढ़ दुर्ग और पूरा शहर बादलों से ढका नजर आ रहा है।
बादलों का असर, दिन के तापमान में आई गिरावट
लगातार बादल छाए रहने का सबसे ज्यादा असर अधिकतम तापमान पर देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान भी 10.2 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया था। इससे साफ है कि दिन का तापमान गिरा है, लेकिन रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है।
पिछले दिनों का तापमान, उतार-चढ़ाव साफ नजर आया
बीते कुछ दिनों के तापमान पर नजर डालें तो मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सोमवार को अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को दिन का तापमान ज्यादा रहा और अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इन आंकड़ों से साफ है कि दिन का तापमान तेजी से गिर रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना हुआ है।
हवाओं ने बढ़ाया ठंड और गलन का असर
बुधवार सुबह से ही चित्तौड़गढ़ में ठंडी हवाएं चल रही हैं। बुधवार रात के समय भी हवा चलती रही, लेकिन इसके बावजूद न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई। हालांकि तेज और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। तापमान भले ही बहुत ज्यादा नीचे न गया हो, लेकिन हवा की वजह से सर्दी का असर कई गुना बढ़ गया है। गुरुवार सुबह भी यही स्थिति बनी रही और हवा ने गलन को और तेज कर दिया।

दो तीन दिनों से लगातार बादल छाए है और हल्की ठंडी हवाएं चल रही है।
आने वाले दिनों का मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही आगामी एक-दो दिनों में घना कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है।
ड्रोन वीडियो क्रेडिट – मुरली कुमावत

