Kurukshetra Rajinikanth come Telangana settle accounts visa agent | Haryana news | तेलंगाना से रुपए का हिसाब करने आए व्यक्ति की हत्या: गर्दन काट कुरुक्षेत्र में सड़क किनारे फेंकी लाश; ट्रैवल एजेंट ने वीजा लगाकर रशिया भेजा था – Kurukshetra News
काटिका रजनीकांत का शव सड़क किनारे पड़ा मिला था।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में तेलंगाना से आए व्यक्ति की गर्दन पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। व्यक्ति कुरुक्षेत्र के एक ट्रैवल एजेंट के पास शिकायत लेकर आया था। इसके बाद व्यक्ति का शव सड़क किनारे पड़ा मिला।
.
मृतक के भाई का आरोप है कि एजेंट ने भाई के के रशिया के लिए लगाए वीजा में धोखाधड़ी की थी। उसने 3 साल का कहकर 3 महीने का वीजा लगाया था और पैसे पूरे लिए थे। उसी का हिसाब करने भाई कुरुक्षेत्र आया था। इसके बाद उसकी हत्या की सूचना मिली।
मृतक की पहचान तेलंगाना के जिले कामारेड्डी में गांव अढलुर के रहने वाले काटिका रजनीकांत (45) के रूप में हुई है। 2 डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजन के हवाले कर दिया गया है।

तेलंगाना का रहने वाला काटिका रजनीकांत हरियाणा में आया था। – फाइल फोटो
पुलिस को यह जानकारी मिली थी…
- सड़क किनारे मिला शव: पुलिस के अनुसार, मंगलवार 6 जनवरी को थाना इस्माइलाबाद में मंदेडी के रहने वाले किसान कुलवंत सिंह ने शव मिलने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था- सुबह करीब साढ़े 10 बजे मैं मेन रोड ठोल से शाहाबाद के रास्ते से घास लेने जा रहा था। जब मैं मंदेडी के गुरुद्वारा से करीब 300 मीटर की दूरी पर पहुंचा तो मैंने व्यक्ति का शव पड़ा देखा।
- शव पर तेजधार हथियार से वार के निशान: किसान ने बताया- शव को सड़क के किनारे फेंका गया था। उसकी आधी गर्दन किसी तेजधार हथियार से काटी गई थी और मुंह पर कट लगे हुए थे। कमर के पास 5-6 तेजधार हथियार के निशान थे। यह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
- परिजन को सूचना दी: पुलिस ने शव की जांच के लिए फोरेंसिक टीम बुलाई। टीम ने मौके से सबूत जमा किए। इस दौरान शव की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से रूस का टिकट मिला। उससे जानकारी निकालकर मृतक के परिजन को वारदात के बारे में सूचित किया गया।
- शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंपा: इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बुधवार को जब मृतक के परिजन पहुंचे तो उनके बयान दर्ज किए गए। साथ ही शव को उनके हवाले कर दिया गया।

मौके पर जांच के लिए पहुंची पुलिस।
मृतक का भाई बोला- पैसे का हिसाब करने आया था सूचना पर कुरुक्षेत्र पहुंचे मृतक के चाचा के लड़के मुदम सत्यम ने बताया कि काटिका रजनीकांत करीब एक साल पहले रूस गया था। उसे अंबाला जिले के मस्तापुर के रहने वाले ट्रैवल एजेंट सुखविंदर सिंह ने वीजा लगाकर भेजा था। उसने कहा था कि 3 साल का वीजा लगा है, लेकिन वह वीजा केवल 3 महीने का ही था।
मुदम सत्यम ने कहा- वीजा कम दिनों का होने के चलते रजनीकांत को 3 महीनों में ही भारत लौटना पड़ा। इसके बाद उसने एजेंट को फोन किया। एजेंट से बाद हुई, तब वह टालमटोल करता रहा। जब रजनीकांत उसे रोजाना फोन करने लगा तो एजेंट ने कहा कि आकर अपने पैसे ले जाओ।
मृतक के चचेरे भाई का कहना है कि उसी का हिसाब करने के लिए रजनीकांत हरियाणा आया था। वह सोमवार को घर से निकला था। इसके बाद मंगलवार सुबह सूचना मिली कि उसकी हत्या हो गई है।

हत्या की सूचना मिलने पर कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजन।
फोरेंसिक एक्सपर्ट ने हत्या का कारण गर्दन पर वार बताया पोस्टमॉर्टम में सामने आया है कि रजनीकांत के शरीर पर तेजधार हथियार से वार के 13 निशान थे। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नरेश सैनी ने बताया कि रजनीकांत की गर्दन पर चाकू और धारदार हथियार से काटने के 2 निशान हैं। चेहरे पर चाकू से काटने के 3 और कमर पर 6 निशान थे। उसके सिर पर भी 1 चोट मिली। रजनीकांत की मौत गर्दन पर वार से हुई।
फोरेंसिक एक्सपर्ट के मुताबिक, यह हत्या सोमवार रात करीब 10 बजे से 1 बजे के बीच हुई होगी। हत्या में चाकू के साथ किसी और भी धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है। दूसरा हथियार गन्ने काटने वाला कटर, कुल्हाड़ी या तलवार हो सकती है।

कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। इसमें डॉक्टरों के 2 पैनल मौजूद रहे।
पुलिस बोली- रशिया की टिकट से मिला सुराग इस मामले में थाना इस्माइलाबाद के SHO दिनेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को शव के पास से रूस की पुरानी टिकट पड़ी मिली थी। इस पर मोबाइल नंबर भी लिखा हुआ था। टिकट पर लिखे नंबर और एड्रेस से उसके परिजन को सूचना दी गई थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। अभी मामले की जांच चल रही है। किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले में ट्रैवल एजेंट का नाम सामने आया है। उससे भी पूछताछ की जाएगी।

